सरकार आपके द्वार के तहत सेवा अधिकार सप्ताह के तहत सोमवार को रांची नगर निगम के विभिन्न वार्डों एवं पंचायतों में कैंप लगाया गया। इन कैंपों में सबसे अधिक मंईयां योजना का फॉर्म लेकर महिलाएं पहुंच रही हैं। मगर यह शिकायत आ रही है कि इसका फॉर्म कैंप में लिया ही नहीं जा रहा है। सोमवार को वार्ड नंबर-10 स्थित तिरिल तालाब के समीप लगाए गए कैंप में मंईयां सम्मान योजना का आवेदन जमा करने पहुंचीं कई महिलाओं व युवतियों से फॉर्म नहीं लिया गया। कई को वापस कर दिया गया। कैंप पहुंची एक महिला ने बताया कि उन्होंने पिछले साल दिसंबर में मंईयां योजना के लिए फॉर्म जमा किया था। उस फॉर्म का क्या हुआ, उन्हें अभी तक कुछ पता नहीं चला। कई बार ब्लॉक ऑफिस जाने के बाद भी उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं मिली। हर बार टाल दिया गया। शनिवार को डिस्टिलरी तालाब स्थित बिरसा मुंडा समाधि स्थल के समीप लगे कैंप में उसे बताया गया कि ऐसे मामले में फिर से आवेदन जमा करना होगा। इसी को लेकर वह पूरे डॉक्यूमेंट के साथ फॉर्म जमा करने पहुंचीं थीं, पर उन्हें निराश वापस लौटना पड़ा। ऐसी ही शिकायत कई अन्य महिलाओं ने भी की। उन्होंने कहा कि शिविर में किसी भी प्रश्न का सही से जवाब नहीं दिया जा रहा था। कुछ भी पूछने पर वहां पूछिए, वहां पूछिए कह कर एक टेबल से दूसरे टेबल भेजा जा रहा था। इस क्रम में कैंप में मौजूद एक कर्मी ने बताया कि मंईयां योजना का फॉर्म नहीं लिया जा रहा है। इसके बाद महिलाएं निराश होकर लौट गईं। इन मामलों का हुआ निष्पादन, सामान का भी वितरण कई अन्य आवेदन आए, ऑन द स्पॉट स्वीकृति एवं परिसंपत्ति का वितरण इन शिविरों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, विभिन्न सेवाओं के लिए आवेदन, ऑन-स्पॉट स्वीकृति तथा मौके पर ही परिसंपत्ति वितरण किया गया। इस क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री नामकुम प्रखंड के हाहाप पंचायत में आयोजित शिविर में शामिल हुए और लाभुकों के बीच विभिन्न योजनाओं की परिसंपत्तियों का वितरण किया। लाभार्थियों ने समय पर सेवा उपलब्ध होने पर खुशी व्यक्त की। नगर निगम क्षेत्र इन स्थानों पर लगा कैंप


