बिलासपुर में देर रात तक संचालित होने वाले इल्यूम बार में युवती से छेड़छाड़ के विवाद में चाकूबाजी हो गई। जिससे बुरी तरह घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद पुलिस ने चाकूबाज युवक को पकड़ कर सख्ती दिखाई, पिटाई के बाद बदमाश युवक लंगड़ाते हुए नजर आया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी युवक के दो दोस्त और युवती को भी गिरफ्तार किया है। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। बीते रविवार देर रात जरहाभाठा ओम नगर निवासी निलेश गेंदले अपने दोस्तों के साथ इल्यूम बार गया था। जहां पब में डांस करते समय निलेश गेंदले ने शिवानी खूंटे से छेड़छाड़ कर दी। जिसका विरोध करते हुए शिवानी ने निलेश को एक तमाचा जड़ दिया। जिस पर तैस में आकर निलेश ने भी युवती को थप्पड़ मार दिया। विवाद बढ़ता देख दोनों पक्षों को बाउंसरों ने बार से बाहर निकाल दिया। पार्किंग में आकर भिड़े युवक और हो गई चाकूबाजी यहां पार्किंग में भी दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा। विवाद बढ़ते देख युवती के पक्ष मेंयश तिवारी प्रशांत कश्यप, आयुष यादव भी पहुंच गए। इस दौरान निलेश को समझाने लगे। लेकिन, निलेश मारपीट करने लगा। तभी यश तिवारी बटनदार चाकू निकाल कर निलेश के पेट में घोंप दिया, जिससे वो खून से लथपथ घायल हो गया। वहीं, हमलावर युवक भाग निकले। घायल युवक का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने की चाकूबाज युवक की जमकर खातिरदारी इस घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। इस दौरान मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद आरोपियों की पहचान कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी। चाकू मारने वाले बदमाश यश तिवारी को पकड़ कर पुलिस ने जमकर पिटाई की, जिससे वो लंगड़ाते नजर आने लगा। उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके दो साथी और युवती को भी पकड़ कर थाने ले आई।आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बटनदार चाकू आरोपी यश तिवारी के कब्जे से बरामद किया गया है। पुलिस बोली-युवती ने नहीं की है शिकायत सिविल लाइन CSP निमितेश सिंह का कहना है कि आरोपी पक्ष से युवती ने छेड़छाड़ की शिकायत नहीं की है। न ही उसके दोस्तों ने मारपीट का केस दर्ज कराया है। अगर उनकी तरफ से शिकायत की जाएगी तब एक पक्ष के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। देर रात संचालित बार के चलते हो रहा विवाद इल्यूम बार देर रात तक के संचालित होता है, जिसके चलते यहां कई बार विवाद की स्थिति बनती है। इस बार हुई चाकूबाजी से पहले भी यहां युवक-युवतियों के बीच मारपीट की घटना हुई। देर रात तक बार संचालित होने के कारण यहां युवक युवतियों का जमावड़ा लगा रहता है और हमेशा विवाद की स्थिति निर्मित होती है। आबकारी विभाग और पुलिस अफसर इस ओर ध्यान भी नहीं देते, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहा है।


