छोटे-मोटे विवादों के बीच उदयपुर बार एसोसिएशन के चुनाव शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुए। उदयपुर कोर्ट में सुबह 10 बजे से वोटिंग शुरू हुई, जो दोपहर 2 बजे तक चली। कोर्ट के मुख्य गेट से लेकर अंदर परिसर तक जबर्दस्त माहौल देखा गया। वोटिंग के लिए आने वाले वकीलों से अन्य वकील अपने प्रत्याशी के समर्थन में मांगते नजर आए। कोई पैम्फ्लेट दिखाकर और तो कोई हाथ जोड़कर अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने की अपील करता दिखा। पूरे कोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में वकीलों की भीड़ जमा थी। हर बार की तरह इस बार भी हाईकोर्ट बैंच लाने का प्रमुख मुद्दा प्राथमिकता है। हालांकि इसके अलावा कोर्ट परिसर में वकीलों के चैम्बर, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य सुविधाएं विकसित करने जैसे मुद्दे हैं। आज ही शाम को घोषित होगा रिजल्ट
बार एसोसिएशन में 6 अलग-अलग पदों के लिए 16 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा था। आज ही देर शाम तक सभी पदों का रिजल्ट घोषित हो जाएगा। इस बार अध्यक्ष पद के लिए 5, उपाध्यक्ष के लिए 2, महासचिव के 2, सचिव के दो, वित्त सचिव के लिए 2 और पुस्तकालय सचिव के लिए 3 प्रत्याशी मैदान में है। कुल 2929 मतदाता वकीलों ने वोटिंग की।


