शाजापुर में मकर संक्रांति पर्व को लेकर गुरुवार शाम पुलिस, प्रशासन और महिला बाल विकास विभाग ने सामूहिक फ्लैग मार्च निकाला। इसके माध्यम से लोगों को चाइना डोर को लेकर जागरूक किया गया और बताया गया कि यदि इसे खरीदते या बेचते कोई पाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पाइंट से फ्लैग मार्च निकाला गया। जिसमें एसडीएम, तहसीलदार, एएसपी, महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी सहित पुलिसकर्मी शामिल हुए। जिन्होंने लोगों को चाइना डोर से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे न तो चाइना डोर खरीदें और न ही कोई इसका विक्रय करें। ताकि दुर्घटना न हो। तहसीलदार मधु सक्सेना ने बताया कि चाइना डोर को प्रतिबंधित किया गया है। क्योंकि यह काफी खतरनाक है और इससे लोगों की जान भी जा सकती है। इसलिए यह फ्लैग मार्च निकाला गया है। ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके और इस डोर का कोई उपयोग न कर सके। दुकानों की भी की जांच फ्लैग मार्च के दौरान रास्ते में जो भी दुकानें मिली वहां अधिकारियों के दल ने जांच की। हालांकि इस दौरान किसी भी दुकान से चाइना डोर नहीं मिली। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की कि वे चाइना डोर न रखें। दुकानदारों ने भी आश्वासन दिया कि वे चाइना डोर का विक्रय नहीं करेंगे और यदि कोई करता है तो इसकी सूचना भी प्रशासन को देंगे।


