मुरादाबाद में गुरुवार को दिनदहाड़े लुटेरों ने एक लकड़ी व्यापारी से 10 लाख रुपए कैश लूटने की कोशिश की। लुटेरों ने एक होटल पर खाना खा रहे लकड़ी व्यापारी से तमंचे के बल पर रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। घटना मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र में माहम होटल पर हुई। यहां खाना खा रहे लकड़ी व्यापारी से लुटेरों ने कैश से भरा बैग लूटने की कोशिश की। व्यापारी मोहम्मद शहजाद ने बताया की वह अपने साथी के साथ उत्तराखंड के जसपुर से ठाकुरद्वारा किसानों को पैसे बांटने आया था। दोपहर में लगभग 2:30 बजे के करीब जब वह ठाकुरद्वारा- काशीपुर मार्ग धोबियान मस्जिद के स्थित माहम होटल में खाना खाने पहुंचे तो तीन बदमाश हाथ में पिस्टल लेकर होटल में आ गए। हथियार लहराते हुए होटल में घुस आए और व्यापारी के हाथ में लगा 10 लाख कैश से भरा बैग छीनने की कोशिश की। लेकिन व्यापारी लुटेरों से भिड़ गया। व्यापारी और लुटेरों के बीच हाथापाई के कारण बदमाश रकम को छीन नही सके।
लुटेरों ने व्यापारी के सिर में पिस्टल की बट देकर मारी। जिससे उसकी आंख में चोट लग गई। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।


