भास्कर न्यूज| लुधियाना हंबड़ां रोड स्थित श्री गोविंद गोधाम में नववर्ष की पूर्व संध्या पर महा संकीर्तन किया गया। इसमें भजन सम्राट राजीव शास्त्री ने अपने भजनों से भक्तों को श्री राधा गोविंद के चरणों से जोड़ा। इस दौरान मंदिर को रंग बिरंगी लाइटों व फूलों से सजाया गया। श्री बांके बिहारी जी का फूल बंगला देखने योग्य था। भजन तूने इतना दिया बनवारी मैं तो माला माल हो गया, ये बिगड़ी को बनाने वाली कोई आंच न आने दे आदि का गायन कर भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री गोविंद गोधाम के सुंदरदास धमीजा, अशोक धवन, मनोहर वर्मा, बसंत कुमार, अनूप सग्गड़, डॉ. अश्विनी गुप्ता, पंडित राज कुमार शर्मा, सुभाष जिंदल ने कहा कि भारत में गौ पालन सनातन धर्म है, गौ की सेवा करके ही भगवान श्री कृष्ण गोपाल कहलाए। हमें भी नववर्ष पर गौ सेवा का संकल्प लेना चाहिए। सभी ने संकल्प लिया कि हम दुगनी शक्ति से गौ सेवा के मार्ग पर बढ़ेगें। पंडित आलोक शास्त्री ने बताया कि श्री गोविंद गोधाम गाय के महत्व व गुणों से समाज को परिचित करवा रहा है। समाज अगर गऊओं के गुणों से परिचित होगा तो स्वाभाविक रूप से गऊओं के प्रति सेवा भाव समाज में पैदा होगा और सेवा भाव पैदा होने से गाय को सुरक्षा व संरक्षण स्वयं ही प्राप्त हो जाएगा। श्री गोविंद गोधाम ने नववर्ष पर लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ा है। 12 बजते ही जय श्री राधे, हरे कृष्णा हरे कृष्णा की मधुर ध्वनि के साथ सभी ने नव वर्ष की शुरुआत की और सभी के लिए नया साल खुशियों भरा हो इसके लिए प्रार्थना की। अंत में सभी को प्रसाद वितरित किया गया।


