लुधियाना। सुंदर और लंबे नाखून आपके हाथों की खूबसूरती बढ़ाते हैं। इन्हें स्वस्थ और मजबूत बनाए रखने के लिए सही देखभाल बेहद जरूरी है। नाखूनों को सुंदर और लंबा बनाने के लिए धैर्य और नियमित देखभाल की आवश्यकता होती है। इसके साथ ही जरूरी है कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। नेल आर्टिस्ट से जानिए कुछ आसान टिप्स। {सही आहार लें : नाखूनों की ग्रोथ के लिए बायोटिन, विटामिन ई, और प्रोटीन युक्त आहार का सेवन करें। हरी सब्जियां, अंडे, बादाम और दूध जैसे पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थ खाने से नाखून मजबूत और लंबे होते हैं। {हाइड्रेशन का ध्यान रखें : शरीर में पानी की कमी नाखूनों को कमजोर बना सकती है। दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और नाखूनों पर मॉइस्चराइजर लगाएं। नारियल तेल या ऑलिव ऑयल से हल्की मालिश करने से नमी बनी रहती है। {नाखूनों की नियमित सफाई करें : गंदगी और बैक्टीरिया से बचने के लिए नाखूनों को नियमित रूप से साफ करें। कठोर ब्रश का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि इससे नाखून टूट सकते हैं। {केमिकल्स से बचें : नाखूनों को अधिक चमकदार बनाने के लिए बार-बार केमिकल युक्त नेल पॉलिश और रिमूवर का इस्तेमाल न करें। नेल पॉलिश हटाने के बाद नाखूनों को कुछ समय तक सांस लेने दें। {फाइलिंग और ट्रिमिंग करें : नाखूनों को नियमित रूप से फाइल करें और उन्हें सही शेप में रखें। नाखून काटते समय सावधानी बरतें और हमेशा एक ही दिशा में फाइलिंग करें। {घरेलू उपाय आजमाएं : नींबू का रस और बेकिंग सोडा मिलाकर नाखूनों पर लगाएं। यह न केवल नाखूनों को साफ करता है, बल्कि उन्हें चमकदार भी बनाता है।


