हिमाचल में 28 नवंबर तक बारिश-बर्फबारी नहीं:ताबो सबसे ठंडा रहा, कुकुमसेरी, केलांग और स्पीति घाटी में पारा शून्य से नीचे

हिमाचल प्रदेश में अगले सात दिनों तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, राज्य में 28 नवंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा। ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे प्रदेश भर में सुखी ठंड बढ़ गई है। ऊपरी हिमाचल में शीतलहर जैसी स्थिति बन रही है, जबकि मध्य और निचले इलाकों में सुबह-शाम ठिठुरन महसूस की जा रही है। सबसे ठंडा रहा ताबो भारत मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान -6.6°C दर्ज किया गया। कुकुमसेरी, केलांग और स्पीति घाटी के अन्य क्षेत्रों में भी पारा शून्य से नीचे रहा। मनाली और नारकंडा में न्यूनतम तापमान 2.1°C दर्ज हुआ, जबकि राजधानी शिमला में यह 7°C रहा। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट का अनुमान जताया है। पांवटा साहिब का तापमान 27 डिग्री अधिकतम तापमान की बात करें तो पांवटा साहिब पूरे प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां दिन का तापमान 27°C तक पहुंच गया। बिलासपुर, हमीरपुर, नरी और कांगड़ा में भी अधिकतम तापमान 24°C से अधिक दर्ज किया गया। शिमला में दिन का पारा 16.6°C और मनाली में 16.1°C रहा। आगामी तीन दिनों में दिन के तापमान में भी 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह-शाम हल्का कोहरा और धुंध छाए रहने की संभावना है। 23 से 28 नवंबर तक पूरे सप्ताह के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले सात दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। शुष्क मौसम के चलते दिन में धूप खिलने से कुछ राहत मिलेगी, लेकिन ऊपरी इलाकों में रातें अत्यधिक सर्द रहेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *