देश के उत्तरी इलाकों में कड़ाके की ठंड के बीच IMD ने अगले तीन से पांच दिनों में ठंड से राहत मिलने की उम्मीद जगाई है। मौसम विभाग के मुताबिक 1 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से देशभर में तापमान बढ़ सकता है। वहीं, पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके चलते मौसम विभाग ने 4-6 जनवरी के बीच हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई इलाकों हल्की बारिश और तूफान की चेतावनी है। इनमें किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, कांगड़ा, मंडी और चंबा शामिल हैं। उधर कश्मीर में गुरुवार को 2025 की पहली और घाटी के मैदानी इलाकों में इस मौसम की दूसरी बर्फबारी हुई। इससे पहले गुरुवार को राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई प्रमुख शहरों में कोहरे की मोटी परत छाई रही। वहीं, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में 8वीं तक के स्कूल अगले आदेश तक बंद कर दिए गए। दिल्ली, ग्वालियर, आगरा, अमृतसर और पठानकोट एयरपोर्ट पर जीरो विजबिलटी दर्ज की गई। आंध्र प्रदेश के कुछ समुद्र तटीय इलाकों में भी मौसम का यही हाल रहा। राज्यों से मौसम की तस्वीरें… वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते कश्मीर में बर्फबारी जारी रहेगी
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा, कुपवाड़ा, बारामूला और अनंतनाग के कुछ हिस्सों में गुरुवार को भारी बर्फबारी हुई। जबकि श्रीनगर और गांदरबल के मैदानी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। गुलमर्ग, सोनमर्ग, पहलगाम और जोजिला में भी ताजा बर्फबारी हुई। मौसम विभाग का अनुमार है कि कुछ इलाकों में शुक्रवार को भी बर्फबारी हो सकती है। जम्मू-कश्मीर में 4 से 6 जनवरी के बीच वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आ सकता है। इससे चलते बर्फबारी जारी रह सकती है। दिल्ली में पांचवे दिन तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान
दिल्ली में शुक्रवार को लगातार पांचवे दिन तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है। शहर में गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C कम 16.2°C दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 7.6°C रहा। इसी तरह शुक्रवार का तापमान भी 17°C और 8°C रहने का अनुमान है। भयंकर ठंड के बीच दिल्ली अर्बन शेल्टर इंप्रूवमेंट बोर्ड (DUSIB) ने शहर में करीब 200 शेल्टर होम बनाए हैं, जिनमें 7000 से ज्यादा लोग रह रहे हैं। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक 15 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच 4400 से ज्यादा बेघर लोगों का रेस्क्यू कर शेल्टर होम में शिफ्ट किया गया है। यहां इन्हें तीन वक्त के खाने के साथ हेल्थ चेकअप सर्विस भी दी जा रही है। अधिकारी ने बताया कि रैन बसेरा मोबाइल ऐप रेस्क्यू टीम को तुरंत मदद की जरूरत वाले बेघर लोगों की GPS लोकेशन ट्रैक करने में मदद करता है। नवंबर में 621 जबकि दिसंबर 3826 लोगों का रेस्क्यू किया गया। 4 जनवरी: पूर्वोत्तर में कोहरे का कहर


