हरियाणा के 9 शहर मनाली से ठंडे:कुफरी से ठंडा करनाल, सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ाई, 2 दिन बाद बारिश के आसार

हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। भले ही लोग इन दिनों छुटि्टयां मनाने हिमाचल प्रदेश घूमने जा रहे हों मगर हरियाणा की ठंड ने हिमाचल को भी पीछे छोड़ दिया है। करनाल में कुफरी जैसी ठंड है। करनाल का दिन का तामपान 13.0 डिग्री रहा जबकि कुफरी का तापमान 13.2 डिग्री है। इसी तरह प्रदेश के 9 शहर ऐसे हैं जो मनाली से भी ज्यादा ठंडे हैं इनमें अंबाला, करनाल, नारनौल, रोहतक, गुरुग्राम, जींद, कुरुक्षेत्र, पानीपत और सोनीपत जैसे जिले शामिल हैं। इसके अलावा शिमला जैसी ठंड पूरे हरियाणा में ही देखी जा सकती है। शिमला का तापमान 17.2 डिग्री रहा, जबकि हरियाणा के अधिकांश शहरों का तापमान 17 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में अभी ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। हिमाचल के कसौली में तापमान 14.7, डलहौजी में 11.5 डिग्री, कुफरी में 13.2 और मनाली में 14.8 डिग्री दर्ज किया गया। पहाड़ों पर बर्फबारी से ठंडे हुए मैदान
पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों पर ज्यादा दिख रहा है। उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सुबह के समय कोहरा छाने और ठंडी हवाएं चलने से रात का तापमान तेजी से नीचे आया है। प्रदेश में हिसार के बालसमंद का न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री तक पहुंच गया। खीचड़ बोले- आज से बदल सकती हैं हवाएं
हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के कारण आज से हवाओं में बदलाव होगा।उत्तर पूर्वी हवाएं चलने की संभावना से राज्य में आज से 6 जनवरी के दौरान बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है, लेकिन 5 जनवरी की रात और 6 जनवरी को राज्य के उत्तर व दक्षिण पश्चिमी क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर बूंदाबांदी होने के आसार हैं। 7 जनवरी से राज्य में मौसम खुश्क रहने और उत्तरी व उत्तर पश्चिमी से ठंडी हवाएं चलने से रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना है। कुछ एक क्षेत्रों में अलसुबह धुंध भी रह सकती है। करनाल, हिसार सहित हरियाणा के 10 शहरों में कोल्ड डे रहेगा
मौसम विभाग की ओर से नई एडवाजरी जारी की गई है। इसमें 10 शहरों में आज कोल्ड डे की चेतावनी दी गई है। इन शहरों में सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत शामिल हैं। सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, जींद में हल्की धूप से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, पानीपत में कोल्ड डे का अटैक पूरा दिन रहेगा। इसके अलावा भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी और झज्जर में कोहरा रात के समय परेशानी का सबब बन सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *