कांकेर में दो कारों की आमने-सामने टक्कर:देर रात हुए हादसे में 7 लोग घायल, 4 की हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ के कांकेर शहर के मुख्य मार्ग पर सिटी सेंटर और ज्ञानी चौक के बीच देर रात करीब 11:30 बजे दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों कारों में सवार सात लोग घायल हो गए, जिनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष नागर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल अस्पताल मेमो और परिजनों की शिकायत का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद ही पूरी जानकारी मिल पाएगी और एफआईआर दर्ज की जाएगी। दुर्घटना में घायल हुए लोगों में गाड़ी मालिक सेवक भास्कर, हितेश नेताम और मिष्टी परते को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, कांकेर के झुनियापारा की अलका परते के सिर में, अमिता कौड़ेती के पैर और कमर में, तथा सिंगारभाट के ब्रह्मचंद्र ठाकुर के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है और कुछ को हायर सेंटर रेफर किया गया है। यह सड़क दुर्घटना मदीना ऑटो पार्ट्स के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकान मालिक ने सीसीटीवी फुटेज निकालकर पुलिस को सौंप दिया है। यह फुटेज सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *