श्रीगंगानगर। यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा माह के तहत वाहनों के रेडियम टेप लगाने का अभियान शुरू कर दिया है। गुरुवार को शहर से बाहर जाने वाले सभी नेशनल और स्टेट हाइवे पर वाहनों के आगे और पीछे रेडियम टेप लगाए गए। यातायात प्रभारी रघुवीर बीका ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के तहत हादसे रोकने को सभी जरूरी उपायों को लेकर चालकों को जागरूक किया जाएगा। दो जनवरी को यातायात पुलिस के समस्त स्टाफ ने नेशनल हाइवे 62 पर, स्टेट हाइवे 7 बी श्रीगंगानगर-सादुलशहर , स्टेट हाइवे पदमपुर रोड और स्टेट हाइवे करणपुर-मिर्जेवाला रोड पर टीमें बनाकर अभियान चलाया। इसमें ज्यादा फोकस ट्रैक्टर ट्रॉलियों, बैल गाड़ियों को किया गया। इनके आगे और पीछे रेडियम टेप स्टाफ द्वारा लगाए गए। साथ ही किसानों को इसका महत्व भी समझाया गया ताकि वे अपने घर में सभी वाहनों के रेडियम टेप खुद से लगवा लें। किसानों को प्रयोग करके बताया कि रेडियम टेप वाहन के आगे और पीछे लगे होने से रात के समय पीछे आने वाले वाहन की हैड लाइट पड़ने से रेडियम टेप चमकने लगेगी और इससे पीछे आने वाले वाहन के चालक को यह पत चल जाएगा कि आगे कोई ट्रॉली अथवा बैल गाड़ी जा रही है। इससे टक्कर होने से बच जाएगी।


