लुधियाना के मोती नगर इलाके में दो लुटेरों ने मोटर साइकिल सवार युवक को रोका और उसके बाद उसे घेर लिया। लुटेरों ने युवक के सिर पर डंडे से वार किया। मोटर साइकिल सवार ने हेलमेट पहना था इसके बावजूद लुटेरों के हमले से गंभीर रूप से घायल हो गया। लुटेरे उसका मोटर साइकिल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित जमशेद ने बताया कि विश्वकर्मा कॉलोनी मंडी के पास से अपने मोटर साइकिल पर जा रहा था। दो युवकों ने उसे रोका और मोटर साइकिल के आगे आ गए। उसके बाद उन्होंने डंडों से उसे पीटना शुरू कर दिया। उसने बताया कि लुटेरों ने उसके सिर पर इतनी जोर से वार किया कि हेलमेट होने के बावजूद उसे चोट लग गई और वह नीचे गिर गया। सुबह नौ बजे काम पर जा रहा था जमशेद जमशेद ने बताया कि वह सुबह करीब नौ बजे काम पर जा रहा था। वह लेंटर में सरिया बांधने का काम करता है। वह चंडीगढ़ रोड पर 33 फुटा कॉलोनी के पास जा रहा था कि विश्व कर्मा कॉलोनी के पास लुटेरों ने उसे लूट लिया। उसने बताया कि घटना के बाद थाना मोती नगर में शिकायत दे दी और सिविल अस्पताल में मेडिकल करवा दिया है। पुलिस आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी थाना मोती नगर के ड्यूटी अफसर अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जहां पर घटना हुई है वहां पर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। पुलिस उससे आगे और पीछे सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है ताकि लुटेरों की पहचान हो सके।


