अबोहर में पुलिस ने व्यापारी से फिरौती मांगने के मामले में 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों युवक राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रहने वाले है। ये दोनों मोहाली से लौटते समय अबोहर के धर्म नगरी के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे। थाना नंबर दो की पुलिस ने सूचना के आधार पर इन दोनों युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार, ये युवक अबोहर में कुछ महीने पहले एक व्यापारी से फिरौती मांगने के मामले में शामिल आरोपियों के संपर्क में थे। फिरौती मांगने वालों के संपर्क में थे दोनों थाना प्रभारी मनिंदर सिंह ने बताया कि अबोहर के सिटी टू में एक व्यापारी से फिरौती मांगने के मामले में मुकदमा नंबर 114 पहले ही दर्ज किया जा चुका है और आरोपी पकड़े जा चुके हैं। श्रीगंगानगर निवासी मुकंद मूंदड़ा और साहिल वधवा, जो अब गिरफ्तार हुए हैं, इन फिरौती मांगने वालों के संपर्क में थे। उनके मोबाइल फोन की गहनता से जांच की जाएगी। कोर्ट में पेश करके मांगा जाएगा रिमांड उन्होंने बताया कि फिलहाल, दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हें आज अदालत में पेश कर 10 दिन का पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। पुलिस का उद्देश्य फिरौती मांगने से जुड़े मामले की गहनता से जांच करना और इसमें शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करना है।


