नगरीय विकास एवं आवास विभाग की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने गुरुवार को ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर जलाभिषेक किया। मंत्री बागरी झूला पुल से ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने पहुंची। इस दौरान उन्होंने मां नर्मदा के विहंगम दृश्य और ओंकार पर्वत पर स्थापित आदि शंकराचार्य की मूर्ति का अवलोकन भी किया। ओंकारेश्वर में ट्रेंचिंग ग्राउंड का भी निरीक्षण किया। जहां वेस्ट मटेरियल से बनाए जा रहे सोफा, डाइनिंग टेबल, कुर्सी आदि सामग्री का अवलोकन किया और प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि किस तरह वेस्ट मटेरियल को अलग-अलग विभाजित करके इसका उपयोग करके बेस्ट मटेरियल बनाया जा रहा है, यह एक अच्छी पहल है। ‘यहां आएं तो अच्छी स्मृतियां लेकर जाएं’
साथ ही उन्होंने ओंकारेश्वर में ब्लैक स्पॉट के सौंदर्यीकरण का भी निरीक्षण किया। स्थानीय नागरिकों से अपील की कि ओंकारेश्वर मां नर्मदा एवं शंकर जी की भूमि है। यहां बड़ी संख्या में पर्यटकों का आना-जाना लगा रहता है। ओंकारेश्वर नगर को स्वच्छ व सुंदर रखे, क्योंकि यहां जो पर्यटक आते हैं वह अच्छी स्मृतियां लेकर जाएं। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सेवादास पटेल, सीएमओ संजय गीते भी मौजूद रहे।


