सुप्रीम कोर्ट जो भी फैसला देगा हमें स्वीकार होगा:केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान का आया बयान, दिग्विजय चौटाला डल्लेवाल से मिले

फसलों के एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत 13 मांगों को लेकर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पिछले साल फरवरी से चल रहे किसान आंदोलन को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान का बयान आया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि अभी यह मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट की तरफ से जो भी आदेश जारी किए जाएंगे। वह उसका पालन करेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि वह हर मंगलवार किसानों से मुलाकात करते रहते हैं। वहीं, हरियाणा के जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने खनौरी बॉर्डर पहुंचकर मरणव्रत पर चल रहे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल से मुलाकात कर उनका हाल चाल जाना है। पंजाब सिंगर बब्बू मान ने भी डल्लेवाल से मुलाकात की है। शंभू बॉर्डर पर संघर्ष को लेकर बनी स्ट्रेटजी सरवन सिंह पंधेर के नेतृत्व में आज शंभू बॉर्डर पर किसानों की अहम बैठक हुई है। मीटिंग में तय हुआ है कि 6 जनवरी को श्री गुरु गोबिंद के प्रकाश पर्व शंभू बॉर्डर पर मनाया जाएगा। ऐसे में पटियाला के नजदीक के गांवों से अपील है कि अधिक से अधिक लोग मोर्चे में पहुंचे। इसमें किसान जत्थेबंदियां ने अपने कैडर सहित शामिल होंगी। दूसरी विनती है कि पंजाब सरकार के विटंर सेशन में केंद्र सरकार द्वारा जारी कृषि मार्केटिंग पॉलिसी के ड्रॉफ्ट को रद किया जाए। किसानों की अन्य 13 मांगों के हक में पंजाब सरकार प्रस्ताव पास करे। आने वाले समय में शंभू बॉर्डर पर लोगों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जल्दी ही दिल्ली जाने के फैसले का ऐलान करेंगे। जब तक केंद्र सरकार हमारी मांगों पर कोई ठोस फैसला नहीं लेती, तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी तरफ खनौरी बॉर्डर पर भी किसानों की मीटिंग जारी है। पहले पंधेर ने वीडियो जारी कर 4 प्वाइंट उठाए- खनौरी में चार को किसान महापंचायत खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन आज (बुधवार) 37वें दिन में प्रवेश कर गया है। अब खनौरी बॉर्डर संघर्ष का केंद्र बिंदु बन गया है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। हालांकि आमरण अनशन पर बैठे डल्लेवाल की हालत बेहद गंभीर है। अब 4 जनवरी को खनौरी मोर्चे पर किसानों की ओर से महापंचायत की जाएगी। किसान नेताओं ने कहा कि जगजीत सिंह डल्लेवाल को लगता है कि जिस किसान समुदाय की उन्होंने 44 साल तक सेवा की है। वह महापंचायत के दौरान उन सभी से मिलना चाहते हैं। इस दौरान डल्लेवाल लोगों के नाम संदेश जारी करेंगे। रात को डल्लेवाल का ब्लड प्रेशर गिर गया था किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने बताया कि जगजीत सिंह डल्लेवाल का ब्लड प्रेशर देर रात 76/44 तक गिर गया था। जो बेहद चिंताजनक है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। इसलिए वे 4 जनवरी को खनौरी किसान मोर्चे पर सभी किसानों को एक महत्वपूर्ण संदेश देना चाहते हैं। मोर्चे पर पटवारी और नहर यूनियन ने भी पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। नए साल की बधाई संदेश न भेजें किसानों का कहना है कि जगजीत सिंह डल्लेवाल की हालत बहुत गंभीर है। इसलिए कोई भी हमें नए साल की बधाई संदेश न भेजे। यह समय खुशी का नहीं बल्कि बड़ी चुनौतियों का सामना करने का है। सभी साथी 4 जनवरी को सुबह 10 बजे खनौरी किसान मोर्चा पर अवश्य पहुंचें। साथ ही इस आंदोलन को सफल बनाने में सहयोग करें। किसान बातचीत के लिए तैयार इससे पहले मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में डल्लेवाल की सेहत को लेकर सुनवाई हुई थी। इस दौरान पंजाब सरकार की ओर से बताया गया कि डल्लेवाल और किसानों से बातचीत चल रही है। अगर केंद्र सरकार किसानों से बातचीत करती है तो डल्लेवाल अपना आमरण अनशन खत्म करने पर विचार कर सकते हैं। वहीं कोर्ट ने पंजाब को डल्लेवाल को मनाने के लिए तीन दिन का और समय दिया है। अब मामले की सुनवाई 2 जनवरी को होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *