गुरदासपुर में विजिलेंस टीम ने पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के लाइनमैन जगदीश सिंह को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया है। खेत पर लगे तारों को हटाने के बदले में आरोपी ने किसान से रिश्वत मिली थी। राज्य विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया आरोपी कर्मचारी को तहसील बटाला के गांव फूलका के निवासी गुरविंदर सिंह द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस से संपर्क कर आरोप लगाया था कि लाइनमैन ने जानबूझकर पैसे वसूलने की नीयत से गांव फूलका में स्थित उसकी उपजाऊ जमीन के ऊपर से बिजली की तारें लगाई थीं। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि लाइनमैन ने इन तारों को हटाने के बदले पहले 1 हजार 500 रुपए लिए थे और अब 10 हजार रुपए की और रिश्वत की मांग कर रहा था। आज कोर्ट में पेश करेगी विजिलेंस उन्होंने बताया कि इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो थाने, रेंज अमृतसर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में आज पेश किया जाएगा और मामले की आगे की जांच जारी है।


