ठगी करने वाला एजुकेशन माफिया गिरफ्तार:घर बैठे डिग्री दिलाने का देता था झांसा, यूपी से जम्मू-कश्मीर तक था नेटवर्क

धौलपुर की निहालगंज थाना पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए एक एजुकेशन माफिया को गिरफ्तार किया है। आरोपी घर बैठे डिग्री दिलाने का झांसा देकर लोगों से ठगी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के ऑफिस से 63 अलग-अलग कार्यालयों की शील, मोहर सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि परिवादी कैलाश पुत्र मोहर सिंह निवासी कठुमरी हाल निवास राम विहार कॉलोनी धौलपुर ने 28 दिसंबर 2024 को एसपी से शिकायत की थी। परिवाद में आरोप लगाया कि शिक्षा माफिया श्रीकांत शर्मा से परिवादी की बेटी रोशनी कुमारी को बीएसटीसी करने के संबंध में उसकी मुलाकात हुई थी। बेटी की बीएसटीसी कराने के एवज में आरोपी श्रीकांत शर्मा ने 1 लाख रुपए की डिमांड रखी थी। श्रीकांत शर्मा ने कहा था कि बीएसटीसी की डिग्री बिना पढ़ाई किए हुए घर बैठे दिला दूंगा। जिसने अपना नेटवर्क उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और जम्मू कश्मीर तक फैला हुआ बताया। परिवादी ने आरोप लगाते हुए कहा कि 95 हजार में बीएसटीसी डिग्री दिलाने का सौदा तय हो गया और तत्कालीन समय पर 25 हजार रुपए फोन पे के माध्यम से अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। 5 हजार रुपए नगद दे दिए। आरोपी ने घर बैठे बीएसटीसी की डिग्री दिलाने का आश्वासन देकर घर भेज दिया। हाल ही में जब आरोपी से डिग्री के बारे में जानकारी ली गई तो आरोपी मुकर गया। आरोपी ने अगले साल डिग्री दिलाने का हवाला देकर डांट फटकार कर घर भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया परिवादी की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरड़ा ने आरोपी श्रीकांत (43) पुत्र पन्नालाल शर्मा निवासी गौशाला धौलपुर के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के आदेश दिए। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ अभियोग पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। जांच के बाद आरोपी एजुकेशन माफिया श्रीकांत शर्मा को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के दफ्तर से 63 अलग-अलग कार्यालय की शील, मोहर सहित अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि एजुकेशन माफिया को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। जांच में एजुकेशन ठगी के बड़े मामले खुल सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *