AAP ने शुरू किया ‘आप आप रै साथ’ अभियान:जिले के प्रत्येक वार्ड, गली और मोहल्ले में जाकर सुनेगी आमजन की समस्याएं

स्थानीय निकाय चुनाव से ठीक पहले आम आदमी पार्टी (आप) हनुमानगढ़ जिले में सक्रिय हो गई है। पार्टी ने राज्यव्यापी ‘आप आप रै साथ’ अभियान के तहत रविवार को जंक्शन में एक प्रेस वार्ता आयोजित कर जिले से जुड़े गंभीर मुद्दों को उठाया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल ने घोषणा की कि पार्टी अब जिले के प्रत्येक वार्ड, गली और मोहल्ले में जाकर आमजन की समस्याएं सुनेगी और उनके समाधान के लिए आंदोलन करेगी। बेनीवाल ने हनुमानगढ़ जिले में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला मुख्यालय सहित अधिकांश वार्डों और गलियों में अवैध शराब की शाखाएं संचालित हो रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन की उदासीनता के कारण युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर जा रही है। उन्होंने टिब्बी क्षेत्र के राठीखेड़ा में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री पर भी सवाल उठाए। बेनीवाल ने बताया कि जिला मुख्यालय पर पहले से संचालित फैक्ट्रियों का गंदा पानी वर्षों से सड़कों और रेलवे लाइनों के बीच जमा है, जिससे दुर्गंध और प्रदूषण फैल रहा है। इसके बावजूद प्रदूषण नियंत्रण विभाग और प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। घग्घर नदी के पुल की क्षतिग्रस्त स्थिति का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि यह पुल पिछले दो वर्षों से खराब है, जिससे रोजाना हजारों लोगों को परेशानी होती है। उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक ओर घग्घर नदी पर सैकड़ों करोड़ रुपए खर्च करने की बातें की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर इस महत्वपूर्ण पुल की मरम्मत के लिए पर्याप्त बजट तक उपलब्ध नहीं है। बेनीवाल ने टाउन और जंक्शन क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी की ठोस व्यवस्था न होने पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2011 में शुरू हुआ सीवरेज प्रोजेक्ट आज तक अधूरा है। गलियों में गड्ढे और गैस पाइपलाइन के कार्यों ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी, जनसमर्थन जुटाएगी और आगे की रणनीति तय करेगी। इस प्रेस वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष मक्कासर और स्टेट सेक्रेटरी एवं बीकानेर संगठन प्रभारी राजवीर माली भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *