पंजाब सरकार की मोगा में युद्ध नशा विरुद्ध-2 रैली आज होने जा रही है। रैली में मुख्यमंत्री भगवंत मान स्वास्थ्य कारणों से शामिल नहीं होंगे। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के अलावा पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा व सेहत मंत्री डॉ बलबीर सिंह सिद्धू रैली को संबोधित करेंगे। रैली में पंजाब सरकार द्वारा नशे की रोकथाम के लिए बनाई गई विलेज डिफेंस कमेटी के सदस्यों के साथ साथ आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। पंजाब सरकार का दावा है कि युद्ध नशा विरुद्ध मुहिम के पहले फेज को शानदार सफलता मिली और अब दूसरे फेज को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए यह रैली की जा रही है। इस कार्यक्रम के दौरान पूरे पंजाब में जिला, कस्बा और वार्ड स्तर पर नियुक्त किए गए पहरेदारों और निगरानी कमेटियों के सदस्यों को अगली रणनीति से रूबरू किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें नशा रोकने में उनकी भूमिका के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। CM अस्पताल में दाखिल, चीमा संभालेंगे मोर्चा रैली पंजाब सरकार की तरफ से की जा रही है। शिवरात्रि पर पूजा के बाद भगवंत मान की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी और उन्हें फॉर्टिस अस्पताल मोहाली में दाखिल किया गया। बताया जा रहा है कि उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी लेकिन स्वास्थ्य कारणों से वो रैली में शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह वित्त मंत्री हरपाल चीमा व सेहत मंत्री बलबीर सिद्धू रैली में मोर्चा संभालेंगे। आम आदमी पार्टी की तरफ से रैली में शामिल होने वाले नेताओं में केजरीवाल के साथ उक्त दोनों मंत्रियों का नाम ही लिखा गया है। 2027 विधानसभा चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण रैली आम आदमी पार्टी की सरकार युद्ध नशा विरुद्ध की सफलता को विधानसभा चुनाव 2027 में चुनावी मुद्दा बनाएगी। इसलिए इस रैली को 2027 विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद खास माना जा रहा है। विधायकों व हलका इंचार्जों को सौंपी गई जिम्मेदारी कुछ ही दिनों में मोगा में भारतीय जनता पार्टी की रैली होनी है और उसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आएंगे। आम आदमी पार्टी पर अपनी इस रैली को सफल बनाने का दबाव है। रैली में भीड़ जुटाने के लिए विधायकों व हलका इंचार्जों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मोगा रैली के लिए पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी मोगा जिले के गांव किल्ली चहल में होने वाली “युद्ध नशे विरुद्ध कैंपेन-2” रैली के मद्देनजर लुधियाना देहात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने पब्लिक से अपील की है कि आज मोगा की तरफ जाने वाले लोग ट्रैफिक पुलिस की तरफ से जारी रूट पर ही जाएं। लुधियाना देहाती पुलिस के एसएसपी अंकुर गुप्ता ने बताया कि रैली के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही रहेगी। आम जनता को ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था से बचाने के लिए विभिन्न रूट से आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट प्लान निर्धारित किए गए हैं।


