AAP सरकार के ब्रांड एंबेसडर होंगे VDC मेंबर्स:CM भगवंत मान के कैमरों के तौर पर करेंगे काम, सरकार की खूबियां गिनाएंगे

आम आदमी पार्टी सरकार ने मोगा में युद्ध नशा विरुद्ध-2 रैली में विलेज डिफेंस कमेटी के मैंबर्स को शपथ दिलाई। यही वीडीसी मेंबर्स गांव से लेकर वार्ड में पंजाब सरकार के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर काम करेंगे। वीडीसी मेंबर्स पंजाब सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाएंगे। यही नहीं वीडीसी मेंबर्स को यह भी जिम्मेदारी दी गई है कि वो लोगों को बताएं कि पंजाब में नशा फैलाने के लिए कौन जिम्मेदार हैं? मान सरकार ने अभी पंजाब के हर गांव व वार्ड में 10-10 लोगों को वीडीसी मेंबर बनाया है। सरकार वीडीसी कमेटियों को 10-10 मैंबर तक सीमित रखने के बजाए इससे पूरे गांव को जोड़ने की मुहिम भी शुरू कर रही। पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने वीडीसी मेंबर्स को साफ कह दिया कि उन्हें घर घर जाकर बताना होगा कि भारतीय जनता पार्टी, अकाली दल और कांग्रेस को वोट न दें। अगर इन्हें वोट दी तो पंजाब में फिर से नशा आ जाएगा। केजरीवाल ने वीडीसी मैंबर्स को कहा है कि लोगों को यह बताना उनकी जिम्मेदारी है। पंजाब सरकार ने प्रदेश भर में 1.50 लाख वीडीसी मेंबर्स का रजिस्ट्रेशन करवाया है। जिसमें से 70 हजार से अधिक लोगों का वेरिफिकेशन करके कार्ड जारी कर दिए हैं जबकि बाकी मैंबर्स की वेरिफिकेशन चल रही है। आने वाले दिनों में इनको भी कार्ड इश्यू कर दिए जाएंगे। हर गांव में 10 मैंबर्स की होगी कमेटी आम आदमी पार्टी की सरकार ने हर गांव और वार्ड में 10 मैंबर की वीडीसी बनाने का लक्ष्य रखा है। सूबे के 13 हजार से ज्यादा गांव और 3000 के करीब शहरी वार्डों में कमेटियां बनानी हैं। इस तरह पूरे राज्य में 1.70 लाख के करीब वीडीसी मैंबर बनाए जाने हैं। वीडीसी मैंबर्स मान सरकार के चलते फिरते कैमरे आप के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया का कहना है कि वीडीसी मैंबर्स गांव गांव में मान सरकार के चलते फिरते कैमरे हैं। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर से अब मैसेज आने लगे हैं कि मान सरकार के कैमरे गांव के चप्पे-चप्पे और घर-घर पर नजर बनाए हुए हैं। पब्लिक को क्या मैसेज देंगे वीडीसी मैंबर्स, केजरीवाल के भाषण से जानें.. वीडीसी में 10 ही नहीं पूरे गांव को बनाएं मैंबर: अरविंद केजरीवाल ने मोगा रैली में दिए भाषण में कहा कि वीडीसी को 10 मैंबर तक सीमित न रखें। इसमें पूरे गांव व वार्ड को जोड़ने की कोशिश करें ताकि कमेटी में अधिक से अधिक मैंबर हों। शिअद-भाजपा व कांग्रेस की सरकारों में कैसे फैला नशा: केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वीडीसी मैंबर्स को घर-घर जाकर लोगों को बताना होगा कि शिअद-भाजपा और कांग्रेस की सरकारों में किस तरह से नशा घर घर पहुंचा है।इनकी सरकारों के समय पूरा पंजाब नशे में डूब गया था। पंजाब की जवानी बर्बाद हो गई। शिअद-भाजपा, कांग्रेस को वोट न दें: केजरीवाल ने वीडीसी मैंबर्स को कहा है कि वो लोगों को बताएं कि गलती से भी शिअद भाजपा और कांग्रेस को वोट न दें। अगर इनको वोट दी तो ये पंजाब को फिर से नशे में डूबा देंगे। पहली बार नशा पर कार्रवाई करने वाली सरकार आई: केजरीवाल ने कहा कि वीडीसी मैंबर्स लोगों को जाकर बताएंगे कि पंजाब में पहली बार ऐसी सरकार आई है जो नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करों को जेल में डाल रही है। उनके बंगले तोड़ रही है। उनकी प्रॉपर्टी जब्त कर रही है। ऊपर वाले की कृपा से पहली बार सरकार आई है। वीडीसी मैंबर्स की जिम्मेदारी है कि वो लोगों को जाकर बताएं कि दूसरी पार्टियों को वोट न दें। आप बोली अभी तो वीडीसी मैंबर्स थे आगे पूरे गांव आएंगे आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता बलतेज पन्नू का कहना है कि मोगा में वीडीसी मैंबर्स के शपथ ग्रहण के कार्यक्रम से विरोधियों को तकलीफ हो गई है और सरकार के पैसे खर्च होने का रोना रो रहे हैं। उन्होंने विरोधियों को कहा कि जब तुम्हारी सरकारें थी तब सरकारी व्हीकलों में नशा ढोया जाता था। अभी सिर्फ वीडीसी मैंबर्स आए थे । जब युद्ध नशा विरुद्ध-2 में ये मैंबर्स अपने साथ पूरे के पूरे गांव लेकर चलेंगे तो तब तुम्हारा क्या होगा। इस मुहिम को कामयाबी मिलेगी क्योंकि पंजाबी चाहते हैं कि पंजाब नशा मुक्त हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *