अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की सिरोही नगर इकाई ने जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन राजकीय कॉलेज, सिरोही में आयोजित “विकसित भारत युवा संसद” जिला स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार पर रोक लगाने की मांग के संबंध में दिया गया। ज्ञापन नगर मंत्री ललित कुमार लखारा के नेतृत्व में नगर इकाई के पदाधिकारियों द्वारा प्रस्तुत किया गया। इसमें बताया गया कि प्रतियोगिता का आयोजन पूरी तरह से सुव्यवस्थित, पारदर्शी और निर्धारित राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप हुआ था। प्रतिभागियों का मूल्यांकन गठित निर्णायक मंडल द्वारा तय मानकों के आधार पर किया गया, जिसके बाद पांच प्रतिभागियों का चयन अगले चरण के लिए किया गया। अभाविप नगर इकाई ने स्पष्ट किया कि परिषद चयन प्रक्रिया और घोषित परिणाम से पूरी तरह संतुष्ट है। परिषद का मानना है कि “विकसित भारत युवा संसद” जैसे कार्यक्रम युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक समझ, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हैं। नगर मंत्री ललित कुमार लखारा ने कहा कि कुछ व्यक्तियों द्वारा व्यक्तिगत कारणों से चयन प्रक्रिया को लेकर तथ्यहीन और भ्रामक प्रचार किया जा रहा है, जिससे छात्र समुदाय में अनावश्यक भ्रम फैल रहा है। उन्होंने प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने और महाविद्यालय में शांति, सौहार्द तथा सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की। अभाविप सिरोही नगर इकाई ने दोहराया कि वह शैक्षणिक मर्यादा, पारदर्शिता और स्वस्थ छात्र संवाद की पक्षधर है, तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने वाले कार्यक्रमों का निरंतर समर्थन करती रहेगी। इस दौरान प्रांत जनजाति संयोजक रोहित कुमार मीना, नगर मंत्री ललित लखारा, दिगंश मिश्रा, गौरव कुमार, किशन प्रजापत, शंकर चौधरी, मिलन राजपुरोहित, मनीष कुमार, मनीष माली और रोहित शर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।


