भास्कर न्यूज | कांकेर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत की दो दिवसीय बैठक 26 फरवरी से पुराने कम्युनिटी हॉल में शुरू हुई। इसमें प्रदेशभर के समस्त जिलों से आए जिला संयोजकों सहित प्रांत कार्यकारिणी के 125 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। बैठक का शुभारंभ प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विकास पांडे, प्रदेश मंत्री अनंत सोनी, प्रदेश संगठन मंत्री महेश साकेत तथा मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखड़िया द्वारा मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। प्रदेशाध्यक्ष डॉ. विकास पांडे ने बैठक की प्रस्तावना प्रस्तुत की। उन्होंने संगठन की सुदृढ़ता, राष्ट्रनिर्माण में छात्र-शक्ति की भूमिका, छात्र हितों से जुड़े समसामयिक विषयों एवं आगामी कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डाला। प्रदेश मंत्री अनंत सोनी ने कहा कि जब विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता संकल्प लेता है, तो वह अल्प समय में व्यापक स्तर पर कार्य कर दिखाता है। वर्क लोकली एंड थिंक ग्लोबली पर चर्चा: मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री चेतस सुखड़िया ने परिषद के मूल मंत्र वर्क लोकली एंड थिंक ग्लोबली को रेखांकित करते हुए पांच क, कार्यकर्ता, कार्यकारिणी, कार्यालय, कार्यक्रम और कोष की अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का कार्यकर्ता प्रामाणिक है, जो कहता है, वही करता है । कार्यक्रम में मोबाइल के उपयोग पर प्रतिबंध बैठक के दौरान परिषद के देशव्यापी अभियान स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम के तहत सभागार में मोबाइल उपयोग को पूर्णतः वर्जित रखा गया। सभी कार्यकर्ताओं ने अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर निर्धारित मोबाइल स्टैंड में जमा कराए, जिससे वे पूर्ण एकाग्रता के साथ बैठक की कार्यवाही में सहभागी बन सकें।


