AI समिट में कांग्रेस के अर्धनग्न-प्रदर्शन का विरोध:बीजेपी महिला मोर्चा ने भिलाई में फूंका राहुल गांधी का पुतला, कहा-विश्व स्तर पर खराब की छवि

दिल्ली में आयोजित इंडिया AI समिट के दौरान कांग्रेस की ओर से किए गए अर्धनग्न विरोध प्रदर्शन का मामला अब प्रदेशभर में राजनीतिक तूल पकड़ चुका है। इसी कड़ी में सोमवार को भिलाई में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने सुपेला घड़ी चौक पर कांग्रेस का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की और इस घटना को देश की छवि धूमिल करने वाला कृत्य बताया। दरअसल, हाल ही में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में भारतीय युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने शर्टलेस होकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई। भाजपा ने इसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का अपमान करार दिया, जबकि कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक विरोध का हिस्सा बताया। इसी घटनाक्रम को लेकर भिलाई भाजपा ने भी मोर्चा खोल दिया। महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष स्वीटी कौशिक की अगुवाई में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सुपेला घड़ी चौक पर एकत्रित हुए। हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लिए महिलाओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेतृत्व से माफी मांगने की मांग भी की गई। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने कहा कि AI समिट जैसा वैश्विक मंच भारत की तकनीकी क्षमता और नवाचार को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का अवसर था। ऐसे आयोजन में अर्धनग्न होकर विरोध करना न केवल असंवेदनशील है, बल्कि इससे देश की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए किसी भी स्तर तक जा सकती है। प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया हो। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस नेतृत्व इस कृत्य पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगे। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में इस प्रकार के प्रदर्शन को स्वीकार नहीं किया जा सकता। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस का पुतला फूंका गया। गौरतलब है कि AI समिट में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों में भाजपा और उसकी युवा इकाइयों द्वारा कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किए जा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *