BJP नेता बोले- राहुल गांधी गुंडागर्दी पर उतरे:शिमला में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, सांसदों से धक्का-मुक्की पर माफी की मांग

संसद भवन में गृहमंत्री अमित शाह के बयान के बाद सियासी सरगर्मियां तेज हो ही रही थी कि भाजपा सांसदों के साथ संसद भवन के बाहर हुई धक्का मुक्की ने आग में घी डालने का काम कर दिया। अब पक्ष-विपक्ष को राजनीति का जोरदार मुद्दा मिल गया है, जिसे लेकर दोनों एक दूसरे पर लगातार हमलावर है। एक तरफ कांग्रेस पार्टी अमित शाह के बयान को अंबेडकर का अपमान बताकर माफी मांगने और इस्तीफे की मांग कर रही है। तो वहीं दूसरी तरफ बीजेपी राहुल गांधी पर ही संविधान का अपमान और संसद में गुंडा गर्दी का आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतर गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने आज कांग्रेस पार्टी के खिलाफ शिमला में प्रदर्शन कर संविधान के नाम पर राजनीति करने के आरोप लगाए है। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश डोगरा ने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। राहुल गांधी ने सांसद को धक्का दे दिया लेकिन माफी तक नहीं मांगी। राहुल गांधी सदन में संविधान का अपमान कर रहे हैं, इसके खिलाफ भारतीय जनता युवा मोर्चा और अनुसूचित मोर्चा आज पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतर कर विरोध प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और अमित शाह के बयानों को कांग्रेस तोड़ मरोड़ कर पेश करतीहै। कांग्रेस पार्टी संविधान के नाम पर राजनीतिक खेती करना चाह रही है जिसमें उन्हें सफलता मिलने वाली नहीं है। पूर्व में कांग्रेस सरकार के समय में संविधान निर्माता का अपमान हुआ है। उन्हें राजनीति से बाहर तक कर दिया गया। कांग्रेस पार्टी के नेताओं को जीते जी भारत रत्न दे दिए गए लेकिन डॉ भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न देने की ज़हमत तक नहीं की। डोगरा ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी संविधान निर्माता के देखे सपने को पूरा करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अमित शाह के बयान को तोड़ मरोड़ कर पेश करने की कोशिश की जा रही है इस्तीफा अमित शाह को नहीं राहुल गांधी को दे देना चाहिए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *