गुना जिले में भाजपा मंडल अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया अंतिम चरणों में है। 21 मंडलों के लिए रायशुमारी की जा रही है। इसमें हर मंडल से 3+2 नामों पर चर्चा की जा रही है। बुधवार को गुना मंडल की रायशुमारी हुई। इसमें 55 बूथों के अध्यक्ष और अपेक्षित कार्यकर्ता शामिल हुए। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी संगठन पर्व सदस्यता अभियान 2024 के तीसरे चरण की प्रक्रिया के अंतर्गत गुना जिले के सभी 21 मंडलों में चुनाव प्रक्रिया की जा रही है। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विकास जैन नखराली ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद गोटिया के निर्देशन में जिले के 19 पुराने और 2 नए मंडल सहित कुल 21 मंडलों में बूथ समितियों का गठन हो चुका है। अब 15 दिसंबर तक मंडल अध्यक्षों की निर्वाचन प्रक्रिया होनी है। 21 मंडलों में मंडल अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया चल रही है। पार्टी का प्रयास है कि सभी मंडलों में सर्वसम्मति से निर्णय हो और चुनाव की नौबत न आए। इसके लिए हर मंडल में रायशुमारी की जा रही है। इसमें बूथ अध्यक्ष और मंडल के अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ताओं से मंडल अध्यक्ष के निर्वाचन के लिए पांच-पांच नामों की रायशुमारी की जा रही है। इसी के तहत मंगलवार को जामनेर मंडल के चुनाव अधिकारी अरविंद गुप्ता ने जामनेर पहुंचकर मंडल के 57 बूथ अध्यक्ष और मंडल में निवासरत जनप्रतिनिधि व अपेक्षित श्रेणी के कार्यकर्ताओं से बंद कमरे में रायशुमारी की। इसमें पांच पांच नाम बंद लिफाफे में डलवाए गए। चुनाव प्रक्रिया के दौरान चुनाव अधिकारी अरविंद गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं से वन टू वन चर्चा कर लिखित में राय ली साथ वरिष्ठ भाजपा नेताओं के निवास पर जाकर उनके विचार विमर्श भी जाने। बुधवार को गुना नगर मंडल की बैठक एक निजी होटल में आयोजित की गई। इसमें 55 बूथों के अध्यक्ष और अपेक्षित कार्यकर्ता शामिल हुए। मंडल चुनाव अधिकारी हीरेंद्र सिंह की उपस्थिति में रायशुमारी की गई। नगर मंडल गुना के चुनाव अधिकारी हीरेंद्र सिंह, सहयोगी महाराज सिंह लोधा, मंडल प्रभारी संजीव सोनी, पूर्व विधायक गोपीलाल जाटव, मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह राजपूत, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी विकास जैन नखराली सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।


