जयपुर में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ शहीद स्मारक पर प्रदर्शन किया। इसके बाद युवा मोर्चा के कार्यकर्ता पैदल कांग्रेस मुख्यालय की ओर निकल गए। इस दौरान पुलिस ने कांग्रेस मुख्यालय के नजदीक बैरिकेडिंग कर भाजपा कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की। यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं की पुलिस से हल्की झड़प हो गई। कांग्रेस कार्यालय के घेराव का ऐलान किया था दरअसल, शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एआई समिट में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इंडो-यूएस ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री के खिलाफ नारेबाजी की थी। इसी घटना से नाराज बीजेपी युवा मोर्चा ने जयपुर में कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने का ऐलान किया था।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की शनिवार दोपहर 12 बजे जयपुर के शहीद स्मारक पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। इसके कुछ ही देर में कार्यकर्ता संसार चंद्र रोड होते हुए कांग्रेस मुख्यालय की ओर आगे बढ़ने लगे। यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के नजदीक बैरिकेडिंग कर पुलिस ने युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को रोक दिया। यहां युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की पुलिस से बैरिकेटिंग को पार करने को लेकर झड़प भी हो गई। इस दौरान युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- कांग्रेस ने अश्लीलता फैलाकर अपना असली चरित्र दिखाया है। प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते कांग्रेस अब देश का विरोध करने लगी है, उसे इस सोच से बाहर निकलना चाहिए। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार शाम भी युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला जला कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी। वहीं आज एक बार फिर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता कांग्रेस मुख्यालय का घेराव करने निकल गए।


