सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंड्री एजुकेशन (CBSE) ने 17 फरवरी से शुरू होने वाली 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर 10 बजे या इससे पहले तक पहुंच जाएं। बोर्ड ने स्कूलों से भी कहा है कि वे पैरेंट्स और स्टूडेंट्स को इस संबंध में सहयोग और मार्गदर्शन करें। बता दें कि इस साल भारत और विदेशों के 26 देशों से 46 लाख से ज्यादा छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज के अनुसार- परीक्षाएं सुबह एक पारी में 10.30 बजे शुरू होंगी, इसलिए सभी छात्र अपने परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे या उससे पहले पहुंच जाएं। परीक्षा के दिनों में होने वाले महत्वपूर्ण राष्ट्रीय या इंटरनेशनल शिखर सम्मेलनों, उच्च स्तरीय बैठकों और अन्य कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए, ट्रैफिक रूल्स में संभावित बदलाव के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में भीड़भाड़, मार्ग परिवर्तन और देरी हो सकती है। घरों से जल्द निकलें सभी छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अपने घरों से जल्द निकलें ताकि वे बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र पर समय पर पहुंच सकें। बोर्ड ने छात्रों से अनुरोध किया है कि वे स्थानीय परिस्थितियों, यातायात, मौसम की स्थिति, दूरी आदि को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे या उससे पहले पहुंचने के लिए अपनी यात्रा की योजना बनाएं, क्योंकि छात्रों को सुबह 10 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश करने की अनुमति दी जाएगी। अंक अपलोड करने का आज अंतिम मौका सीबीएसई ने स्कूलों को चेताया केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की शैक्षणिक सत्र 2025-26 की 10वीं के आंतरिक मूल्यांकन व 12 वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं के अंक अपलोड करने की शनिवार को अंतिम तिथि है। बोर्ड ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे शनिवार तक इन परीक्षाओं के अंक जारी कर अपलोड करें। क्योंकि इसके बाद मौका नहीं मिलेगा। बता दें कि गत एक जनवरी से स्कूलों में आंतरिक मूल्यांकन व प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू हुई थी।


