छत्तीसगढ़ में आज 22 फरवरी को बस्तर जिले के 7 परीक्षा केंद्रों में CGPSC एग्जाम होगा। जिसमें कुल 2841 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम किए हैं। सबसे अधिक 541 अभ्यर्थी शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धरमपुरा-02 में परीक्षा देंगे। जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 500 परीक्षार्थी बैठेंगे। झाड़ा सिरहा शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 (गीदम नाका) और स्वामी विवेकानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल (संजय मार्केट रोड) में 400-400 अभ्यर्थियों की व्यवस्था की गई है। शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय और शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 300-300 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दो पालियों में होगी परीक्षा पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। प्रत्येक केंद्र पर अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार पुलिस बल तैनात किया गया है। 400 से अधिक अभ्यर्थियों वाले केंद्रों में 3 पुरुष और 3 महिला पुलिसकर्मी मेटल डिटेक्टर के साथ ड्यूटी पर तैनात हैं। प्रवेश से पहले तलाशी ली जाएगी। केंद्रों पर जैमर भी लगाए जाएंगे। सख्त ड्रेस कोड और प्रवेश नियम अभ्यर्थी जूते या मोटे सोल वाले फुटवियर पहनकर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। केवल पतले सोल की चप्पल या स्लीपर मान्य होंगे। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनना अनिवार्य है। काला, गहरा नीला, मैरून और बैंगनी रंग के कपड़ों पर रोक है। कार्गो और डिजाइनर कपड़े प्रतिबंधित हैं, सामान्य जींस की अनुमति रहेगी। महिला अभ्यर्थी आधी बांह की कुर्ती, सलवार और दुपट्टा पहन सकती हैं। विवाहित महिलाओं को केवल एक नोज पिन और एक मंगलसूत्र पहनने की छूट है, जिसकी जांच होगी। ये सामान पूरी तरह प्रतिबंधित घड़ी (मैकेनिकल या स्मार्ट), मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित हैं। उल्लंघन पर अनुचित साधन का मामला दर्ज किया जाएगा। गॉगल्स या डिजिटल चश्मे की अनुमति नहीं है। 2 घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य अभ्यर्थियों को प्रत्येक पाली से कम से कम 2 घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। साथ में केवल एडमिट कार्ड, मूल पहचान पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल और नीले या काले बॉलपॉइंट पेन ले जा सकेंगे। एडमिट कार्ड पर फोटो अस्पष्ट होने पर दो रंगीन पासपोर्ट फोटो साथ रखना अनिवार्य है।


