CM करेंगे ओलंपिक-एशियन गेम्स के पदक विजेताओं को सम्मानित:कल सुबह SMS स्टेडियम से शुरू होगी रन फॉर विकसित राजस्थान

राजस्थान की भजनलाल सरकार के 1 साल का कार्यकाल पूरे होने के मौके पर जयपुर में रन का विकसित राजस्थान का आयोजन किया जाएगा। कल सुबह 8 बजे (12 दिसंबर) को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम से रन फॉर विकसित राजस्थान की शुरुआत होगी। इसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना करेंगे। इस दौरान पेरिस ओलिंपिक और एशियाई गेम्स के पदक विजेताओं को भी सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा। इसको लेकर आज सवाई मानसिंह स्टेडियम में रन फॉर विकसित राजस्थान के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। खेल विभाग के शासन सचिव नीरज कुमार पवन ने बताया कि 12 दिसंबर के दिन सुबह 8 बजे रन फॉर विकसित राजस्थान की शुरुआत होगी। इस दौरान प्रतिभागी अमर जवान ज्योति से एसएमएस स्टेडियम का पूरा चक्कर लगाकर टोंक रोड, रामबाग सर्किल, डॉ. भीमराव अम्बेडकर सर्किल से अमर जवान ज्योति पर पहुंचेंगे। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, एनसीसी, एनएसएस, भारत-हिन्दुस्तान स्काउट एंड गाइड, पुलिस, आरएसी, सेना, होमगार्ड, समेत विभिन्न कर्मचारी संघ, एनजीओ और आम जनता रन फॉर विकसित राजस्थान में हिस्सा लेगी। पवन ने बताया कि कार्यक्रम में सेना, पुलिस, आरएसी, स्काउट एंड गाइड जैसे संस्थाओं द्वारा बैंडवादन सहित राजस्थानी लोक कलाकारों के नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुति भी आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही इस दौरान पेरिस ओलंपिक – 2024 के प्रतिभागी खिलाड़ियों और एशियन गेम्स – 2023 के पदक विजेताओं को सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के मौके पर 12 दिसंबर 2024 से 12 जनवरी तक विवेक मास के रूप में मनाया जायेगा। इस पूरे महीने सम्पूर्ण प्रदेशभर में खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। इस दौरान बैठक में युवा मामले एवं खेल विभाग की उपशासन सचिव नीता मीणा, जयपुर एडीएम आशीष कुमार, क्रीडा परिषद् के सचिव राजेंद्र कुमार सिसोदिया, युवा बोर्ड के सदस्य सचिव कैलाश चंद पहाड़िया, डीओआईटी, पर्यटन, नगर निगम ग्रेटर, चिकित्सा और स्वास्थ्य, कौशल नियोजन, स्काउट गाइड, हायर एजुकेशन विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *