CM भजनलाल शर्मा ने कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास किया। CM भजनलाल शर्मा ने कहा- कोटा की गरमा-गरम कचोरी बिरला जी (लोकसभा स्पीकर ओम बिरला) तक पहुंचेगी। क्योंकि जब एयर कनेक्टिविटी हो जाएगी तो आप कहेंगे, जाइए गरमा-गरम बनवाकर लाइए, यह काम भी हो जाएगा। सीएम ने आगे कहा- एयर कनेक्टिविटी होने से कोटा की कचोरी दिल्ली में गरमा-गरम पहुंचेगी। आने वाले समय में कोटा उद्योग का हब बनने वाला है। एयरपोर्ट के साथ यहां उद्योग भी बढ़ेंगे। कोटा के शंभूपुरा में कार्यक्रम में PM नरेंद्र मोदी का वीडियो संदेश सुनाया गया। पीएम मोदी ने कहा- आज का दिन कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ सहित पूरे हाड़ौती क्षेत्र के लिए नई आशा और एक नई उपलब्धि का दिन है। कोटा शिक्षा का ही नहीं, ऊर्जा का भी केंद्र है। कार्यक्रम में नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना और परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना के लिए भूमि पूजन भी किया। कार्यक्रम में किसने क्या कहा, 4 बड़े बयान 1. राजस्थान किस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है? वीडियो संदेश में PM मोदी ने कहा- पिछले हफ्ते मुझे राजस्थान आने का मौका मिला। अजमेर की पवित्र धरती से मैंने राजस्थान के विकास से जुड़े हज़ारों करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन किया। आज मुझे कोटा से जुड़े एक जरूरी प्रोजेक्ट को लॉन्च करने का मौका मिला है। एक ही हफ्ते में राजस्थान में 2 बड़े डेवलपमेंट प्रोग्राम का होना दिखाता है कि राजस्थान किस रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। 2. पीएम ने जो वादा किया था, उसको पूरा किया लोकसभा स्पीकर लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों की ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की मांग थी। इसे लेकर लंबे समय तक अलग-अलग सरकारों में प्रयास हुए। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोटा की धरती पर 2023 में जो वादा किया था, उसे पूरा किया। 3. हर 45 दिन में प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट खोलने का काम किया केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा- साल 2014 में नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने। तब देश में 74 एयरपोर्ट थे, जो पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 74 से बढ़कर 167 हो गए, मतलब दोगुनी से भी ज्यादा। इसका मैंने दूसरी तरीके से कैलकुलेशन किया। कैलकुलेशन के मुताबिक, हर 45 दिन में देश के प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट खोलने का काम किया है 4.सरकार मगरमच्छों की तरफ भी धीरे-धीरे बढ़ रही सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- पहले पेपर चोरी और लीक होते थे, जिससे युवाओं और उनके परिवारों के सपने टूट जाते थे। हमारी सरकार में एक भी पेपर लीक नहीं होने दिया गया है। कांग्रेस राज में अपनों को नौकरियां मिल जाती थीं, जिसके चलते 400 से ज्यादा लोग जेल की सलाखों में हैं। हमारी सरकार मगरमच्छों की तरफ भी धीरे-धीरे बढ़ रही है, जिनमें से कुछ को पकड़ लिया गया है और कुछ आने वाले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी नहीं छोड़ा जाएगा, चाहे वह कितना भी बड़ा मगरमच्छ हो, उसे जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। कार्यक्रम से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…


