छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 223वीं बटालियन को बड़ी सफलता मिली है। नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों ने नक्सलियों का एक हथियार डंप बरामद किया है, जिसमें 65 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) राउंड जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई सटीक आंतरिक खुफिया सूचना के आधार पर की गई। एफओबी रायगुडेम क्षेत्र में एफ कंपनी और क्यूएटी (QAT) द्वारा एक संयुक्त एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन चलाया गया। इस अभियान में सीआरपीएफ के डीएसएमडी (DSMD) और के-9 दस्ते ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्लास्टिक के ड्रम में दबाकर रखे गए 65 बीजीएल राउंड बरामद के-9 डॉग ‘मार्ज’ की मदद से जंगल क्षेत्र में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए इस डंप का पता चला। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के ड्रम में दबाकर रखे गए कुल 65 बीजीएल राउंड बरामद किए गए। सुरक्षा बलों के अनुसार, बरामद विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल नक्सली किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कर सकते थे। समय रहते इस डंप के पकड़े जाने से एक संभावित हमले को विफल कर दिया गया है। नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन ऑपरेशन लगातार जारी है। सुरक्षा बलों ने स्पष्ट किया है कि नक्सल विरोधी अभियान और अधिक तेज़ी से चलाया जाएगा।


