CSVTU तैराकी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन:यश तिवारी, सुरभि साहू ने जीते कई स्वर्ण, कॉलेजों को भी मिले पदक

छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) द्वारा रायपुर के अक्षांश इंटरनेशनल स्विमिंग पूल में एकीकृत राज्य स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। तकनीकी शिक्षा विभाग के तत्वावधान में हुई इस प्रतियोगिता में इंजीनियरिंग, फार्मेसी और पॉलिटेक्निक संस्थानों के तैराकों ने हिस्सा लिया। इसमें कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पुरुष वर्ग की स्पर्धाओं में LCIT बिलासपुर के यश तिवारी ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 50 मीटर फ्रीस्टाइल और 50 मीटर बटरफ्लाई दोनों में स्वर्ण पदक जीते। BIT दुर्ग के सिद्धांत बगड़वाल ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक में स्वर्ण और फ्रीस्टाइल में रजत पदक हासिल किया। स्विमिंग प्रतियोगिता: दुर्ग के पी. मोहित और रोशन कुमार ने जीते स्वर्ण 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में BIT दुर्ग के पी. मोहित ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि शासकीय पॉलिटेक्निक दुर्ग के भीमशंकर साहू ने रजत पदक प्राप्त किया। 100 मीटर बैकस्ट्रोक में शासकीय पॉलिटेक्निक जांजगीर-चांपा के पंकज राठौर ने स्वर्ण पदक जीता। 100 मीटर फ्रीस्टाइल में शासकीय पॉलिटेक्निक दुर्ग के रोशन कुमार स्वर्ण विजेता रहे। महिला वर्ग में CCET भिलाई की सुरभि साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने 50 मीटर फ्रीस्टाइल, बटरफ्लाई और बैकस्ट्रोक तीनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। अन्य खिलाड़ी इन स्पर्धाओं में क्वालीफाई नहीं कर सके। प्रतियोगिता के समापन पर मुख्य अतिथि, अध्यक्ष और विशिष्ट अतिथियों ने विजयी प्रतिभागियों को स्वर्ण और रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया। चयनकर्ता प्रमोद फारिकर और नरसिंह फारिकर, पर्यवेक्षक वरिष्ठ खेल अधिकारी कोंडल राव (BIT दुर्ग), रेफरी तामेश्वर घनघोरी और संजय शुक्ला ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विभिन्न महाविद्यालयों के प्रोफेसर-इंचार्ज, खेल अधिकारी और बड़ी संख्या में तैराक इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *