राजस्थान पुलिस महानिदेशक (DGP) उत्कल रंजन साहू ने गुरुवार को अजमेर दौरे रहे। इस दौरान वह RPSC की डीपीसी की बैठक मे शामिल हुए। इससे पूर्व रेंज आईजी कार्यालय में संभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस संयुक्त बैठक में अन्य विभागों के एडीजी और रेंज आईजी कार्यालय के अधीन 5 जिलों के एसपी भी मौजूद रहे। बैठक में साइबर क्राइम की रोकथाम और आमजन से संवाद बढ़ाने पर चर्चा की गई। डीजीपी उत्कल रंजन साहू ने कहा- जिस हिसाब से टेक्नोलॉजी बढ़ रही है, उसके हिसाब से पुलिस में कमी है। लेकिन साइबर क्राइम का जो पैटर्न है उसमें जनता को जागरूक होना बहुत जरूरी है। लेकिन वह हो नहीं रहा है। राजस्थान पुलिस ने जागरूकता अभियान भी चलाएं हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मन की बात में इसका जिक्र किया कि डिजिटल अरेस्ट जैसा कोई चीज नहीं है। इसके बाद भी वारदातें हो रही है। जनता को जागरूक होने के बहुत आवश्यकता है। जनता जैसे ही जागरूक हो जाएगी तो साइबर क्राइम का कोई हिस्सा नहीं बचेगा। डीजीपी ने कहा कि आमजन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता के साथ समय-समय पर संवाद करते रहें और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस थानों में पारदर्शिता और सुगमता से कार्य होने चाहिए, ताकि लोगों को थाने के चक्कर न काटने पड़ें। थाने स्तर पर अधिकारियों की समयबद्ध उपस्थिति के बारे में डीजीपी ने स्पष्ट किया कि यह व्यावहारिक नहीं है कि प्रत्येक थाना अधिकारी तय समय पर हमेशा थाने में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि थाने के संचालन की प्राथमिकता जनता की समस्या का समाधान है, न कि केवल उपस्थिति सुनिश्चित करना। रेंज आईजी कार्यालय पर संभाग के पांच जिलों के एसपी के साथ संयुक्त बैठक में क्षेत्रीय कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान अपराध की रोकथाम, विशेष रूप से साइबर क्राइम, नशा तस्करी और महिला अपराधों पर नियंत्रण के लिए रणनीतियां बनाई गईं। डीजीपी ने अधिकारियों से क्षेत्र में अपराध पर सख्ती से कार्रवाई करने और आमजन का भरोसा जीतने के लिए प्रयास तेज करने को कहा। सामाजिक जागरूकता पर बल सामाजिक स्तर पर पुलिस की भूमिका को रेखांकित करते हुए डीजीपी साहू ने कहा कि समाज के हर वर्ग को अपराध के प्रति जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम को रोकने में तकनीकी और जन सहयोग दोनों की अहम भूमिका है।


