डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी (डीएसपीएमयू) में एमएसीपी रोके जाने के विरोध में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार थर्ड और फोर्थ ग्रेड स्टाफ ने प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर धरना दिया। सरकारी आदेश के विरुद्ध बताते हुए जमकर एमएसीपी पहले की तरह भुगतान करने को लेकर जमकर नारेबाजी भी की। डीएसपीएमयू कर्मचारी संघ के बैनर तले धरना दे रहे अध्यक्ष राजू साव, महासचिव रोहित कुमार सिंह, विश्वनाथ मुंडा, उदय प्रसाद, शैलेन्द्र कुमार, महाबीर मुंडा, अभिषेक कुमार समेत अन्य ने एक स्वर से कहा कि सितंबर माह से बिना नोटिफिकेशन के एमएसीपी रोक दी गई है। सरकार द्वारा जारी परिनियम में स्पष्ट है कि जो लाभ राज्य सरकार के कर्मचारियों को मिल रहा है, वही विवि के स्टाफ को भी देय है। इसके बाद भी एमएसीपी रोका जाना समझ से परे है। एमएसीपी मद में सभी कर्मचारियों को मिलाकर पर हर माह एक लाख 10 हजार रुपए भुगतान किया जाता है। कर्मचारियों के साथ भेदभाव कम करना होगा। अन्य मांगों में सेवा निवृत्ति आयु 62 वर्ष करने, 7वां वेतनमान लागू करने, मार्च 2024 में ज्ञापन में सौंपे लंबित मांगों को पूरा करना शामिल है।


