ED की कार्रवाई और चुनावी रिपोर्ट सौंपने बैज जाएंगे दिल्ली:पीसीसी अध्यक्ष बोले – सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग और कांग्रेस नेताओं की जासूसी करा रही सरकार

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज आज शाम दिल्ली रवाना होंगे, जहां वे कांग्रेस आलाकमान को ED की कार्रवाई, कथित जासूसी और नगरीय निकाय चुनाव की विस्तृत रिपोर्ट सौंपेंगे। इस दौरान वे प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। ED की कार्रवाई पर सवाल दीपक बैज ने कहा कि ED की कार्रवाई द्वेषपूर्ण और राजनीतिक दबाव में की जा रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यालय में अधिकारियों ने समन भेजा और प्रदेश महामंत्री मलकीत सिंह गैदू से दो दिनों तक पूछताछ की गई। पहले दिन उनसे कांग्रेस भवन निर्माण की जगह व्यक्तिगत जानकारी मांगी गई और फिर अगले दिन जब कांग्रेस ने प्रदर्शन किया तब अधिकारियों ने उनकी व्यक्तिगत जानकारी को हटाने के लिए कह दिया गया। उनका आरोप है कि यह कार्रवाई सरकार के इशारे पर हो रही है ताकि कांग्रेस को दबाया जा सके। पंचायत चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप बैज ने पंचायत चुनाव को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव में सरकारी मशीनरी का खुला दुरुपयोग किया गया और कांग्रेस समर्थित जीते हुए सदस्यों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन सभी मामलों की जानकारी कांग्रेस हाईकमान को दी जाएगी ताकि आगे की रणनीति तय की जा सके। बैज ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसके खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। बैज और भूपेश ने मोबाइल सर्विलांस पर रखने का लगाया आरोप कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि उनकी जासूसी अभी भी जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलोनी के गार्ड को उनके घर आने वाली गाड़ियों के नंबर नोट करने के निर्देश दिए गए हैं, उनका मोबाइल सर्विलांस पर रखा गया है और कॉल डिटेल्स पर नजर रखी जा रही है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी विपक्षी नेताओं के मोबाइल सर्विलांस में होने की बात कही थी। नई संगठनात्मक टीम पर भी होगी चर्चा बैज की इस यात्रा के दौरान प्रदेश में नई संगठनात्मक टीम को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बदलाव को लेकर आलाकमान मंथन कर रहा है, और बैज की रिपोर्ट इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। बैज के दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज दीपक बैज की दिल्ली यात्रा को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि उनकी रिपोर्ट के आधार पर कांग्रेस आलाकमान छत्तीसगढ़ में संगठन को लेकर कुछ अहम फैसले ले सकता है। वहीं नेतृत्व परिवर्तन से लेकर संगठन में बदलाव की भी चर्चा प्रदेश में चुनाव के बाद से चल रही है। अब देखना यह होगा कि इस मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस में क्या बदलाव देखने को मिलते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *