GPM में दहेज के लिए महिला टीचर को किया प्रताड़ित:दूसरे केस में नवविवाहिता को मांगलिक कहकर किया परेशान; सुसराल वालों पर FIR दर्ज

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले से दहेज प्रताड़ना के 2 केस सामने आए है। जहां मरवाही निवासी अर्पिता जो कि एक शिक्षिका है, उसने गौरेला थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि ससुराल वाले उसे कूलर-पंखा नहीं लाने का ताना मारते थे और अपनी सेलेरी देने की मांग कर प्रताड़ित करते थे। वहीं दूसरे केस में अनूपपुर निवासी नवविवाहिता ममता ने पेंड्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि ससुराल वाले उसे मांगलिक होने का ताना देते थे, पति भी अलग सोता था और 1 लाख की डिमांड करते थे। दोनों ही मामले में पति सास-ससुर जेठानी, ननंद पर दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज हो गया है। पहला केस मरवाही के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में कार्यरत महिला शिक्षिका अर्पिता की शादी 6 जुलाई 2024 को गौरेला निवासी शशांक गुप्ता से हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि ससुराल में शादी के पहले दिन से ही प्रताड़ना शुरू हो गई। ससुराल वालों ने कूलर-पंखा नहीं लाने का ताना दिया। पीड़िता ने जब पिता को बताया तो उन्होंने एसी दे दिया। इसके बाद कुछ दिन तक सब ठीक रहा। पांचवें दिन से सास राजकुमारी उर्फ आरती गुप्ता ने दहेज में कम सामान लाने का आरोप लगाते हुए प्रताड़ना शुरू कर दी। ननंद अंकिता गुप्ता भी छोटी-छोटी बातों पर विवाद करने लगी। ससुराल वालों ने पीड़िता से उसके वेतन की मांग शुरू कर दी। मामले में समझौता हुआ कि पीड़िता अपने वेतन से हर महीने 10 हजार रुपए सास को देगी। अगस्त 2024 से पैसे देने के बाद भी प्रताड़ना जारी रही। ससुराल वाले कहते थे कि उन्हें पूरा वेतन उन्हें मिलना चाहिए। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने पति शशांक गुप्ता, सास राजकुमारी उर्फ आरती गुप्ता, ससुर संतोष गुप्ता और ननद अंकिता गुप्ता के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। दूसरा केस अनूपपुर जिले निवासी ममता की शादी 11 मार्च 2024 को अतुल पटेल के साथ हुई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के दूसरे दिन से ही उसके पति अतुल पटेल, सास अनिता पटेल, जेठानी अंजली पटेल और ससुर राम भूषण पटेल ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पीड़िता के मुताबिक, ससुराल वाले उसे मांगलिक होने का ताना देते थे। सास कहती थी कि उसके रहने से अतुल की किसी हादसे में मौत हो सकती है। पति भी अलग सोता था और परिवार वाले एक लाख रुपए की मांग करते थे। ममता ने बताया कि वह करीब 15 दिन तक ससुराल में रही। इस दौरान उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। अब वह अपने मायके में है। शादी में दिए गए टीवी, फ्रिज, कूलर, मोटरसाइकिल, अलमारी समेत अन्य सामान और 26,000 रुपए भी ससुराल वाले नहीं लौटा रहे हैं। पेंड्रा पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति, सास, ससुर और जेठानी के खिलाफ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *