GST छापों के खिलाफ नगर बंद का व्यापक असर:सुबह से बंद रही शहर की दुकानें, व्यापारियों ने रैली निकाल सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर जीएसटी छापों के खिलाफ रविवार को व्यापारी संघों ने रविवार को नगर बंद रखा और रैली निकाली। व्यापारियों के नगर बंद के आह्वान का व्यापक असर दिखा। सुबह से ही दुकानें बंद रहीं। कलेक्टोरेट चौकी पर व्यापारी संघों ने लगातार जीएसटी छापे एवं अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग को लेकर अंबिकापुर तहसीलदार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस ने भी बंद को समर्थन दिया है। दोपहर बाद भी शहर की दुकानें बंद हैं। सरगुजा में लगातार व्यापारियों पर जीएसटी के छापों के खिलाफ शनिवार को व्यापारी संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है। अंबिकापुर के रिंगरोड, बिलासपुर चौक में लक्ष्मी ट्रेडर्स में शुक्रवार से चल रहे जीएसटी छापे का विरोध करते हुए व्यापारियों ने मौके पर नारेबाजी की। अग्रसेन भवन में मीटिंग के बाद व्यापारियों ने रैली निकाल रविवार को नगर बंद का आह्वान किया। व्यापारी संघों के आह्वान पर सुबह से ही नगर की दुकानें बंद हैं। रैली निकाली, ज्ञापन सौंप कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग
व्यापारी संघों की रैली नगर के मुख्यमार्गों से होते हुए कलेक्टोरेट चौक पहुंची। यहां व्यापारी संगठनों ने तहसीलदार उमेश बाज को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में व्यापारी संगठनों ने जीएसटी छापे के नाम पर व्यापारियों से अवैध उगाही का आरोप लगाया है। व्यापारी संगठनों ने आरोप लगाया है कि जीएसटी चोरी का आरोप लगाकर फाइन का डर दिखाकर लाखों रुपए की अवैध उगाही की जा रही है। कुछ व्यापारियों को टारगेट कर कार्रवाई की जा रही है। व्यापारी संगठनों ने व्यापारियों को जबरिया परेशान न करने एवं अवैध उगाही पर रोक लगाने की मांग की है। कांग्रेस का बंद को समर्थन, दिखा व्यापक असर
व्यापारी संगठनों के बंद का रविवार को साप्ताहिक बाजार के दिन भी व्यापक असर दिखा। कांग्रेस ने व्यापारी संगठनों के बंद को अपना समर्थन दिया है। व्यापारी संगठनों के आह्वान पर सभी दुकानें सुबह से ही बंद रहीं। दोपहर बाद तक दुकानें नहीं खुलीं। स्टेट GST ने कहा- लाखों की टैक्स चोरी
सरगुजा में एक माह में दर्जनों की संख्या में कार्रवाई GST की टीम ने की है, लेकिन शनिवार को विवाद के बाद GST टीम ने विज्ञप्ति जारी की है। इसमें बताया गया है कि लक्ष्मी टेंडर्स में 30 मई एवं 31 मई को मेसर्स लक्ष्मी ट्रेडर्स, अंबिकापुर में जांच में पाया गया कि वर्ष 2017-18 से वर्ष 2024-25 तक कुल टर्न ओव्हर लगभग 96 करोड़ से अधिक है किंतु उस पर कर का नगद भुगतान नगण्य किया गया है। वर्ष 2023-24 में माल की खरीदी 11 करोड़ की गई किंतु माल की सप्लाई मात्र 7 करोड़ की ही की गई है।
व्यवसायी के द्वारा अपनी गलती/ त्रुटि स्वीकार करते हुए स्वैच्छिक रूप से रू. 17.55 लाख कर भुगतान कर दिया गया है। उक्त व्यवसायी पर स्टेट GST विभाग द्वारा पूर्व में कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
बंसल ट्रेडिंग में लाखों की टैक्स चोरी
GST टीम ने मेसर्स बंसल ट्रेडिंग कार्पोरेशन, अंबिकापुर में 29 मई को जांच की कार्रवाई की गई है। वर्ष 2017-18 से वर्ष 2024-25 तक कुल टर्न ओव्हर लगभग रू. 158 करोड़ से अधिक है किंतु उस पर कर का नगद भुगतान शून्य किया गया है। व्यवसायी के द्वारा अपनी गलती / त्रुटि स्वीकार करते हुए स्वैच्छिक रूप से रू. 40.00 लाख कर भुगतान करने की मंशा जाहिर की किंतु जीएसटी विभाग के अधिकारियों नें व्यवसायी से लेखा पुस्तक एवं अन्य दस्तावेज प्रस्तुत करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *