पंजाब के लुधियाना में LPG डिलीवरी करने वाले लोगों को निशाना बनाकर लूट की वारदातें करने वाले गैंग को पुलिस ने काबू कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से एक मोटरसाइकिल, खिलौना पिस्टल, लोहे का दातर, 10 लूटे गए मोबाइल फोन और ₹10 हजार नकद बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर के निर्देशों पर चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना जोधेवाल पुलिस ने गश्त के दौरान काकोवाल रोड स्थित एक फैक्ट्री के पास आरोपियों को पकड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जस्स सिंह उर्फ बन्नी उर्फ बब्बलू (23) और गुरविंदर सिंह उर्फ रूबी (24)
के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गांव छोले, थाना लाडोवाल के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कैसे करते थे वारदात ACP किक्कर सिंह और SHO जसवीर सिंह ने कहा कि आरोपी गैस सिलेंडर और अन्य कंपनियों के डिलीवरी ऑटो चालकों को सुनसान जगहों पर रोकते थे। खिलौना पिस्टल दिखाकर डराते और नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो जाते थे। 11 फरवरी को काकोवाल रोड से एक शिकायतकर्ता से 11,500 की लूट भी इन्हीं ने की थी। कई मामलों में पहले से दर्ज हैं केस पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ थाना जोधेवाल में पहले से कई केस दर्ज हैं, जिनमें 7 फरवरी, 12 फरवरी और 13 फरवरी 2026 की लूट की घटनाएं शामिल हैं। इसके अलावा पुराने चोरी और लूट के मामले भी अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है। पूछताछ जारी है और संभावना है कि इनके अन्य साथियों की भी पहचान हो सकती है। पुलिस का कहना है कि शहर में लूट और चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


