नमस्कार नागौर के लाडनूं विधायक मुकेश भाकर की जज साहिबा से शादी होने जा रही है। पत्रकार ने माताजी से सवाल पूछ लिया-अब घर में ऑर्डर किसका चलेगा? जयपुर में मुख्यमंत्री ने आम जन के साथ होली खेली तो उपमुख्यमंत्री अपने आवास पर जमकर नाचे। पुलिस जवानों ने भी अधिकारियों को कंधों पर बैठाकर होली खेली। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. अब घर में ऑर्डर किसका चलेगा? नागौर के लाडनूं से विधायक हैं मुकेश भाकर। शादी के लिए विधायक जी को जज साहिबा पसंद आ गईं। ब्याह की तारीख भी आ गई। हंसी खुशी का माहौल था कि पत्रकार साहब पहुंच गए। माताजी की खुशी का ठिकाना नहीं। पत्रकार ने माताजी से ही सवाल-जवाब शुरू कर दिए। पूछा- जज बहू आ रही है। अब घर में ऑर्डर किसका चलेगा? माताजी भी विधायक की मां हैं। वैसा ही जवाब दिया- ऑर्डर तो मेरा ही चलेगा। घर की जज तो मैं ही हूं। दूल्हा विधायक जी मां के बगल में खड़े मुस्कुराने लगे। सोच रहे होंगे-ब्याह हुआ नहीं और सास-बहू का झगड़ा लगाने वाले पहले आ गए। 2. मुख्यमंत्री जी की जन-होली, डिप्टी सीएम का डांस मुख्यमंत्रीजी ब्रज क्षेत्र से आते हैं। ऐसे में होली को लेकर खास उत्साह रहता है। हर साल आम जन के साथ होली की खुशियां साझा करते हैं। इस बार भी आवास पर होली स्नेह मिलन का कार्यक्रम रहा। एक तरफ लोक गीत-संगीत हुआ और दूसरी तरफ सीएम कुर्सी लगाकर बैठे और आगंतुकों के साथ होली खेलने लगे। लोगों के हाथ से रंग लगवाया। किसी ने साफा पहनाया तो किसी ने पटका ओढ़ाया। लगे हाथ किसी-किसी ने कान में फरियाद भी रख दी। उधर डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा ने भी अपने आवास पर परिजन और कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली और गीतों पर डांस किया। लोअर-टीशर्ट पहने डिप्टी सीएम साहब ने इतना जोरदार डांस किया कि पहचानना मुश्किल कि भैया नाच कौन रहा है। पहचानने वाली बात पर हमें तो ‘कंडक्टर साहब’ याद आ गए। 3. कंधों पर एसपी साहब और ‘भरतपुर जाम’ चंद्रग्रहण की मेहरबानी ने लोगों ने पहले 3 मार्च को होली खेली। इसके बाद रही सही कसर 4 मार्च को निकाल ली। पुलिस को दो दिन तक ड्यूटी बजानी पड़ी। सुरक्षा में तैनात रहे। आखिर 5 मार्च को पुलिस वालों ने मन की निकाली और पुलिस लाइनों में जमकर होली खेली। भरतपुर में कलेक्टर और एसपी साहब को पुलिस के जवानों ने कंधों पर उठा लिया। इस दौरान डीजे पर गीत बज रहा था- छोरी तनै करयो भरतपुर जाम..(लड़की तुमने भरतपुर जाम कर दिया) गीत पर कलेक्टर और एसपी साहब ने कंधों पर बैठे-बैठे हवा में हाथ लहराकर डांस प्रतिभा का परिचय दिया। जयपुर में तो जवानों का जोश काबिले तारीफ। डीजीपी राजीव शर्मा मंच पर थे। जवानों ने वहीं से उन्हें हाथों पर लिटा लिया। अजमेर एसपी वंदिता राणा ने भी महिला कॉन्स्टेबलों और पुलिस अधिकारी मैडमों के साथ जोरदार डांस किया। राणा जी पूरी तरह लाल गुलाल में सराबोर हो गईं। अलवर के महिला थाने में पुलिस के जवान ‘भरतपुर जाम’ वाले गाने पर नाच रहे थे। ये वाला जाम पूरे प्रदेश में लगा। 4. चलते-चलते… होली का हुल्लास सब के मन में होता है। जोधपुर के लोक कलाकार इस्माइल लंगा अपनी टीम के साथ एयरपोर्ट पर पहुंचे। वहां सिक्योरिटी चेक से गुजर रहे थे। सिक्योरिटी वाला जवान इस्माइल की गायकी का कद्रदान निकला। उसने गुजारिश कर दी। कहा- कुछ सुना दीजिए। कलाकार वही जो समय और स्थान की बंदियों से परे हो। कद्रदान भी वही जिसे कला की पहचान हो। एक जवान ने कार्टन को ढोलक की तरह बजाना शुरू किया। पूरी मंडली ने गाया- पधारो म्हारे धोरां वाले देस
ऊंटवाली गाड़ी, देखो म्हारो स्वैग
रंग-रंगीली पगड़ी रंगीलो है भेस
पगां मांय मोजड़ी और लुक म्हारो खेस
होलिया में उड़े रे गुलाल… इनपुट सहयोग- महेंद्र सैनी (जयपुर), धर्मेंद्र यादव (अलवर), गौरव माथुर (भरतपुर), भरत मूलचंदानी (अजमेर)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी..


