MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:युवती ने खुद को आग लगाई, महू में बनेगी नई नगर पालिका, 32 कैंचियों से एक साथ हेयर कट

MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. तेज रफ्तार कार ने पुलिसकर्मी समेत 5 लोगों को मारी टक्कर जबलपुर में तेज रफ्तार लग्जरी कार ने 5 लोगों को टक्कर मार दी। शनिवार रात करीब 11:50 बजे भंवरताल गार्डन से शुरू हिट एंड रन का सिलसिला रसल चौक तक जारी रहा। हादसे में कार चालक, पुलिस कर्मचारी सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि कार भंवरताल गार्डन की ओर से बेहद तेज गति से आई और रसल चौक पर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। इसके बाद एक युवती और अन्य राहगीरों को टक्कर मारी। कार चालक वाहन पर से नियंत्रण खो चुका था, लेकिन उसने रफ्तार कम नहीं की। पढ़ें पूरी खबर… 2. आदिवासी युवती ने पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की सीहोर में 26 वर्षीय आदिवासी युवती ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। ग्रामीणों ने पानी डालकर आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी। युवती को भैरूंदा सिविल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है। एसपी दीपक शुक्ला ने बताया कि महिला की पहचान लाड़कुई गांव निवासी विनीता पति सुनील उईके (26) के रूप में हुई है। कार्यपालिक मजिस्ट्रेट ने उसके बयान लिए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला 2 महीने से अपने मायके में ही रह रही थी। पढ़ें पूरी खबर… 3. खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा तेज रफ्तार दूसरा ट्रक, ड्राइवर की मौत रायसेन में सड़क किनारे खड़े ट्रक को तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। दूसरे ट्रक का केबिन पूरी तरह पिचक गया। ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई और शव केबिन में फंस गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जेसीबी मशीन बुलाकर केबिन को काटा गया। काफी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला जा सका। टक्कर नेशनल हाईवे 45 पर नागिन मोड़ के नीचे बाबा जी ढाबा के पास रविवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई। हादसे के कारण कुछ देर तक हाईवे पर ट्रैफिक भी जाम रहा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पढे़ं पूरी खबर… 4. रायसेन में प्रेमिका और उज्जैन में प्रेमी ने दी जान, एक ही समय पर लगाई फांसी रायसेन के उदयपुरा में युवती ने फांसी लगा ली। वहीं, यहां से 350 किलोमीटर दूर उज्जैन जिले के पवासा थाना इलाके में एक युवक ने भी ठीक उसी समय फांसी पर लटककर खुदकुशी कर ली। जांच में पता चला कि दोनों प्रेमी-प्रेमिका थे। मौत को गले लगाने से पहले दोनों ने एक-दूसरे को फोन किया था। युवक उज्जैन के मक्सी रोड स्थित केसरबाग कॉलोनी में किराए के कमरे में रहता था। वह पेशे से इंजीनियर था और उज्जैन की ही एक कंस्ट्रक्टिंग कंपनी में साइट इंजीनियर के रूप में काम करता था। मूल रूप से रायसेन का ही रहने वाला था। पढे़ं पूरी खबर… 5. बादलों से तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट, कल बारिश की संभावना मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला है। बीते 24 घंटे के दौरान जबलपुर, बुरहानपुर और नर्मदापुरम में बूंदाबांदी हुई, जबकि अन्य जिलों में बादलों की आवाजाही बनी रही। रविवार सुबह कई शहरों में हल्का कोहरा छाया रहा। बदले मौसम के चलते तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। सोमवार को कुछ जिलों में वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 24 घंटों में बादलों की आवाजाही जारी रह सकती है। पढ़ें पूरी खबर… 6. सीएम बोले- महू में नई नगर पालिका बनेगी, नानाजी देशमुख की प्रतिमा का अनावरण किया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने महू में रविवार को जनसभा को संबोधित करते हुए 100 बेड के आधुनिक अस्पताल और एक नई नगर पालिका का गठन किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने इससे पहले काकड़पुरा तालाब पर राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने नानाजी देशमुख पर्यटन स्थल का लोकार्पण भी किया। इसके बाद उन्होंने इंदौर में कहा- सरकार यह प्रयास कर रही है कि मंदिर प्रबंधन को अर्थव्यवस्था से जोड़कर रोजगार के अवसर कैसे बढ़ाए जा सकते हैं। आने वाले समय में प्रदेश हेल्थ टूरिज्म का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। पढ़ें पूरी खबर… 7. 4 साल के मासूम को एयर एम्बुलेंस से भोपाल पहुंचाया, एम्स में होगा ऑपरेशन दतिया से 4 वर्षीय गोपाल दुबे को एयर एम्बुलेंस से भोपाल लाया गया। राजा भोज टर्मिनस से उसे एम्स ले जाया गया। गोपाल को एक्यूट अपेंडिसाइटिस और सब एक्यूट इंटेस्टाइनल ऑब्स्ट्रक्शन नाम की बीमारी है। इसका उपचार न तो झांसी में संभव है और न ही ग्वालियर में। उसे ऑपरेशन की सख्त आवश्यकता है। सिविल सर्जन डॉ. केसी राठौर ने बताया कि इस तरह के ऑपरेशन के लिए पीडियाट्रिक सर्जन की आवश्यकता होती है, जो दतिया में उपलब्ध नहीं हैं। पढ़ें पूरी खबर… पॉजिटिव खबर 8. ग्वालियर पुलिस का क्विक रिस्पॉन्स, सूचना पर 2 मिनट में पहुंची, युवती को फांसी के फंदे से उतारा ग्वालियर के सदाशिव नगर में युवती ने पारिवारिक विवाद के बाद खुद को कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगाने की तैयारी करने लगी। परिजन ने डायल-112 पर सूचना दी। महज दो मिनट के भीतर एफआरवी (फर्स्ट रिस्पॉन्स व्हीकल) और बहोड़ापुर टीआई आलोक परिहार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने दरवाजा खोला, तब युवती गले में फंदा डाल चुकी थी। पुलिस ने तत्काल उसे नीचे उतारा और अस्पताल भिजवाया। युवती फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। पढ़ें पूरी खबर… खबर जरा हटके 9. 32 कैंचियों से एकसाथ किया हेयरकट, उज्जैन के आदित्य देवड़ा ने बनाए 3 वर्ल्ड रिकॉर्ड उज्जैन के आदित्य देवड़ा ने एक साथ 32 कैंचियों से हेयरकट करने की अनोखी तकनीक से वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। उनका नाम इंडिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड और लंदन की वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। उज्जैन के अलखधाम नगर के रहने वाले आदित्य ने बताया कि उन्होंने सोशल मीडिया पर चीन के एक हेयर स्टाइलिस्ट का वीडियो देखा था, जो एक साथ कई कैंचियों से हेयरकट कर रहा था। इससे प्रेरित होकर उन्होंने भी इस तकनीक को सीखने का फैसला लिया। लगातार प्रैक्टिस के बाद उन्होंने इसमें महारत हासिल की। पढ़ें पूरी खबर… कल का बिग इवेंट 10. राहुल गांधी के भोपाल दौरे को लेकर कांग्रेस मुख्यालय में बैठक लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 24 फरवरी को भोपाल आएंगे। उनके इस दौरे की तैयारियों को लेकर सोमवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बैठक होगी। इस मीटिंग में ट्रेड डील के खिलाफ होने वाले किसान सम्मेलन के लिए कार्यकर्ताओं की ड्यूटी तय की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *