मध्य प्रदेश में फरवरी के महीने में चौथीं बार बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने सोमवार को मंडला, डिंडौरी समेत 7 जिलों में पानी गिरने का अनुमान जताया है। दूसरी ओर, रविवार को दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। पारा 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। पिछले 24 घंटे के दौरान भोपाल, सागर, जबलपुर, धार, इंदौर, खंडवा, रायसेन, रतलाम, उज्जैन समेत 15 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और टर्फ की एक्टिविटी की वजह से ऐसा मौसम रहा। भोपाल में शनिवार सुबह बादल छाए रहे। हालांकि, दिन में तेज धूप निकल आई। इससे दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दक्षिण-पूर्वी हिस्से के छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज में मौसम ने करवट ली और बूंदाबांदी का दौर चला। वेस्टर्न डिस्टरबेंस आगे बढ़ा; छिंदवाड़ा सहित 7 जिलों में बारिश की संभावना मौसम विभाग ने पहले 22 फरवरी को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने का अलर्ट जारी किया था, लेकिन यह सिस्टम आगे बढ़ गया। इससे लगातार बारिश होने का अनुमान तो नहीं, लेकिन सोमवार को कुछ जिलों में बारिश का अलर्ट है। जिनमें बारिश हो सकती है, उनमें छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिले शामिल हैं। 22 फरवरी यानी, रविवार को मौसम साफ रहेगा। कहीं भी बारिश का अलर्ट नहीं है। फरवरी में तीन बार बारिश वाला मौसम बता दें कि फरवरी के शुरुआत में ही प्रदेश में दो बार ओले, बारिश और आंधी का दौर रह चुका है। इससे फसलों को खासा नुकसान हुआ था। इसके बाद सरकार ने प्रभावित फसलों का सर्वे भी कराया था। 18 फरवरी से तीसरी बार प्रदेश भीग गया है। 19, 20 और 21 फरवरी को भी असर रहा। अब चौथी बार बारिश होने के आसार हैं। 23 फरवरी को फिर से बारिश हो सकती है। रात में सर्दी से राहत, दिन में पारा लुढ़का बारिश की वजह से दिन के तापमान में गिरावट हुई है। शनिवार को सर्द हवाओं से थोड़ी राहत मिली। शुक्रवार-शनिवार की रात में राजगढ़ में ही पारा सबसे कम 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, मंदसौर में 10.8 डिग्री रहा। बाकी जिलों में तापमान बढ़ा हुआ रहा। MP के पांच बड़े शहरों में फरवरी का मौसम… भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, दिन गर्म भोपाल में रातें ठंडी रहती हैं, जबकि दिन गर्म। वर्ष 2014 से 2024 के बीच 4 साल दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के पार पहुंच गया था। रात में 7 साल पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया। इस बार फरवरी में दिन का तापमान 30 डिग्री के पार है।
इंदौर में बारिश का ट्रेंड नहीं फरवरी में इंदौर में बारिश होने का ट्रेंड नहीं है। 2014 और 2015 में बूंदाबांदी जरूर हुई थी। दूसरी ओर दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार ही रहता है। 2019 में तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया था। यहां रात में पारा 10 डिग्री के नीचे रहता है।
ग्वालियर में कड़ाके की ठंड ग्वालियर में कड़ाके की ठंड का ट्रेंड रहता है। इसकी वजह यहां सीधे उत्तरी हवाएं आना है। 4 फरवरी 2018 की रात में न्यूनतम पारा रिकॉर्ड 1.9 डिग्री दर्ज किया गया था। साल 2019, 2022 और 2023 में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से नीचे ही रहा। पिछले साल ग्वालियर में बारिश भी हुई थी। इस बार यहां फरवरी के पहले ही दिन बारिश का दौर रहा है।
जबलपुर में भी बदला रहता है मौसम जबलपुर में भी मौसम बदला रहता है। फरवरी के दूसरे सप्ताह के बाद दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहता है, जबकि रात में तापमान न्यूनतम 11 डिग्री के आसपास रहता है। यहां फरवरी में बारिश का भी ट्रेंड है। 10 में से 6 साल यहां बारिश हो चुकी है। उज्जैन में गर्मी, बारिश और ठंड का दौर उज्जैन में गर्मी और ठंड के साथ बारिश भी होती है। दिन में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार ही रहता है, जबकि रात में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से कम दर्ज किया जाता है। उज्जैन में फरवरी महीने में बारिश का ट्रेंड कम ही है।


