मध्यप्रदेश के शासकीय कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के खाली पदों पर भर्ती के लिए लोक सेवा आयोग (MPPSC) इसी माह अधिसूचना जारी करने जा रहा है। उसमें सबसे ज्यादा 158 पद केमेस्ट्री विषय के रहेंगे। जबकि पिछली बार जब दिसंबर 2022 में वैकेंसी आई थी, तब सबसे ज्यादा 200 पद अंग्रेजी विषय के थे। इस बार अंग्रेजी में 96 पद हैं। वहीं, 6 विषयों में सिर्फ एक-एक पद रहेगा। बताया जा रहा है कि लॉ सहित कुछ विषयाें में एक भी पद नहीं है। पिछली बार कुल 1669 पदाें के लिए वैकेंसी आई थी। इस बार यह संख्या 1459 पदाें की रहेगी। हालांकि, अंतिम समय में 150 पद और जाेड़े जाने की कवायद चल रही है। पिछली बार लाइब्रेरियन के भी 255 पद थे। लेकिन, इस बार लाइब्रेरियन का एक भी पद नहीं है। पिछली बार कुल 35 विषयाें के लिए अधिसूचना आई थी, इस बार 26 विषयों के लिए आएगी। इसमें स्पोर्ट्स ऑफिसर के 128 पद भी हैं। अभी जाे तैयारी है, उसमें बाॅयोटेक्नोलॉजी विषय भी नहीं है। लेकिन, अंतिम समय में इस विषय के पद जुड़ सकते हैं। कॉलेजाें में 5566 पद खाली, भर्ती के बाद भी 2 हजार खाली रहेंगे उच्च शिक्षा विभाग के 12 हजार 389 पोस्ट स्वीकृत हैं। इनमें प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, स्पोर्ट्स ऑफिसर, लाइब्रेरियन पद शामिल हैं। वर्तमान में करीब 6823 पद फैकल्टी कार्यरत हैं। करीब 5566 पद खाली हैं। इनमें से 2053 पदों के लिए परीक्षा कराई जा चुकी है। आने वाले दिनों में 1542 पदों के लिए भर्ती आएगी। इसके बाद भी करीब 2 हजार पद खाली रह जाएंगे। प्रोफेसर्स के रिटायरमेंट से पद भी लगातार खाली हो रहे हैं। यह खबर भी पढ़ें- इंदौर में 89 घंटे बाद प्रदर्शन खत्म इंदौर में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के अभ्यर्थियों का चार दिन चला धरना-प्रदर्शन रविवार सुबह 5 बजे समाप्त हो गया। दोपहर में छात्रों का प्रतिनिधि मंडल सीएम डॉ. मोहन यादव से मिला। छात्रों की मांगों पर सहमति बन गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें…


