कांकेर जिले के चारामा नगर पंचायत के पास NH-30 पर एक दुर्घटना में भारी वाहन ने गाय को कुचल दिया। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना कल देर रात जैसाकर्रा के पास हुई। युवाशक्ति सेवी संस्था के गौ सेवक धीरेन्द्र मिश्रा, सन्नी और राहुल ठाकुर ने मृत गाय को सड़क किनारे ले गए। उन्होंने जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदकर गाय का अंतिम संस्कार किया। गौ सेवकों का कहना है, चारामा क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या गंभीर बनी हुई है। रात के समय सड़क किनारे बैठे मवेशी अक्सर दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। अंधेरे में वाहन चालकों को इन्हें देखने में कठिनाई होती है। युवाशक्ति सेवी संस्था के अध्यक्ष उत्तम साहू ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुला न छोड़ें। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मवेशी चारामा में आ जाते हैं। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। साहू ने प्रशासन से हर विकासखंड में सुविधायुक्त गौशाला बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पशु मालिकों की लापरवाही से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। आवारा मवेशियों की समस्या का अभी तक कोई समाधान नहीं निकल पाया है।