राजस्थान हाईकोर्ट की जोधपुर मुख्यपीठ ने प्रतियोगी परीक्षाओं में OMR शीट भरने में होने वाली गलतियों को लेकर एक नजीर पेश करने वाला फैसला सुनाया है। कोर्ट ने JET परीक्षा में फिजिक्स की जगह गलती से एग्रीकल्चर विषय के गोले भरने वाले एक मेधावी छात्र का बी.टेक. फूड टेक्नोलॉजी में एडमिशन रद्द करने का आदेश खारिज कर दिया है। जस्टिस डॉ. नूपुर भाटी की कोर्ट ने इसे ‘मानवीय भूल’ मानते हुए यूनिवर्सिटी को निर्देश दिया है कि छात्र को उसकी मेरिट के आधार पर तुरंत कॉलेज अलॉट किया जाए। फिजिक्स की जगह भर दिया एग्रीकल्चर बाड़मेर के बायतू में लाधोनियों की ढाणी निवासी रोहित गोदारा ने 12वीं कक्षा फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी विषयों के साथ पास की थी। उसने स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JET-2025) दी। रोहित ने परीक्षा में कट-ऑफ (59.78) से अधिक अंक प्राप्त किए और उसे डेयरी एंड फूड टेक्नोलॉजी कॉलेज, उदयपुर में बी.टेक (फूड टेक्नोलॉजी) की सीट के लिए प्रोविजनल एलॉटमेंट लेटर जारी किया गया था। गलत गोले लगाना बना एडमिशन निरस्त का कारण सीट मिलने की खुशियां तब फीकी पड़ गईं, जब यूनिवर्सिटी ने 15 और 30 दिसंबर 2025 को आदेश जारी कर रोहित का प्रोविजनल एडमिशन रद्द कर दिया। अधिकारियों ने तर्क दिया कि रोहित के पास 12वीं में फिजिक्स विषय था, लेकिन उसने प्रवेश परीक्षा की OMR शीट में फिजिक्स की जगह ‘एग्रीकल्चर’ विषय का चयन कर प्रश्न हल कर दिए। नियमों के मुताबिक 12वीं के विषय और परीक्षा में हल किए गए विषयों में अंतर होने पर उम्मीदवारी खारिज कर दी जाती है। रोहित ने इसके खिलाफ रिप्रेजेंटेशन दिया और बताया कि OMR शीट भरने में त्रुटि पूरी तरह से अनजाने में हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि यदि एग्रीकल्चर के अंकों को हटा दिया जाए, तो केवल केमिस्ट्री और बायोलॉजी में उनके अंक उन्हें कट-ऑफ से ऊपर रखने के लिए पर्याप्त थे। इसके बावजूद यूनिवर्सिटी ने उनकी दलील खारिज कर दी, जिसके बाद रोहित ने हाईकोर्ट का रुख किया। कोर्ट में वकीलों की दलीलें याचिकाकर्ता के वकील मनीष पटेल ने तर्क दिया कि रोहित ने इस तथ्य को छुपाया नहीं था कि उनके पास 10+2 में फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी विषय थे। वकील ने कहा कि रोहित JET-2025 दिशानिर्देशों में निर्धारित शैक्षणिक योग्यता को पूरा करते हैं। एडवोकेट पटेल ने यह भी कहा कि JET परीक्षा में प्रश्नों को हल करते समय नर्वस होने के कारण रोहित ने अनजाने में OMR-शीट में फिजिक्स के प्रश्नों को हल करते समय एग्रीकल्चर विषय वाले कॉलम में गोले भर दिए थे। वकील ने यह भी बताया कि रोहित ने परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उन्हें काउंसलिंग के पहले दौर में भाग लेने की अनुमति दी गई थी। गलती अनजाने में हुई थी क्योंकि रोहित ने एग्रीकल्चर विषय का कभी अध्ययन नहीं किया था, न ही 12वीं कक्षा में और न ही किसी अन्य कक्षा में, इसलिए वह जानबूझकर इसे क्यों करेगा? दूसरी ओर, प्रतिवादी यूनिवर्सिटी के वकील ने तर्क दिया कि फिजिक्स एक कठिन विषय है, इसलिए छात्र ने जानबूझकर सरल विषय ‘एग्रीकल्चर’ का चयन किया। वकील ने कहा कि नियमों में छूट देने से अन्य उम्मीदवारों के साथ अन्याय होगा। कोर्ट का फैसला: यह महज एक मानवीय भूल मामले की सुनवाई करते हुए जस्टिस डॉ. नूपुर भाटी ने यूनिवर्सिटी की दलीलों को खारिज कर दिया। कोर्ट ने अपने फैसले में लिखा- “प्रतिवादी पक्ष का यह तर्क गले नहीं उतरता कि छात्र ने जानबूझकर ऐसा किया। जिस छात्र ने कभी एग्रीकल्चर नहीं पढ़ा, वह फिजिक्स को छोड़कर एग्रीकल्चर के सवाल हल करने का जोखिम क्यों उठाएगा? “कोर्ट ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों से यह ‘अनजाने में हुई गलती’ प्रतीत होती है। कोर्ट ने कहा कि प्रवेश परीक्षाओं के कड़े प्रतिस्पर्धी माहौल में, जहां याचिकाकर्ता ने सराहनीय प्रदर्शन किया। एक छोटी सी गलती के लिए मेधावी छात्र का भविष्य खराब नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने एग्रीकल्चर विषय के मार्क्स को मानवीय भूल मानते हुए छात्र को उसकी मेरिट रैंक (JET-2025) के अनुसार सीट अलॉट करने का आदेश दिया।


