प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जयपुर के सांगानेर क्षेत्र के गांव दादिया में पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) का शिलान्यास करेंगे। राज्य स्तरीय समारोह में दौसा जिले से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। इसे लेकर 250 वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिन्हें अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र से रवाना किया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से करीब 2 हजार लोगों को प्रधानमंत्री की सभा में ले जाया जा रहा है। ऐसे में जिले से कुल 10 हजार लोगों के शामिल होने की बात कही जा रही है। सभा को लेकर महवा से विधायक राजेंद्र मीणा, बांदीकुई से विधायक भागचंद टाकड़ा, लालसोट से विधायक रामविलास मीणा, सिकराय से विधायक विक्रम बंशीवाल और दौसा से भाजपा नेता जगमोहन मीणा के नेतृत्व में भाजपाई बसों व अन्य वाहनों से रवाना हुए। वाहनों के लिए हाईवे पर जगह-जगह चेक पोस्ट बनाई गई हैं, जहां पुलिस-प्रशासन के अधिकारी तैनात हैं। वहीं दूसरी ओर खुद विधायक भी प्रभावी मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ताकि पीएम की रैली में शामिल होने जा रहे भाजपाइयों को कोई परेशानी नहीं हो। हालांकि कड़ाके की ठंड के बीच लोगों में पीएम की रैली में शामिल होने की उत्सुकता देखी गई। बता दें कि ईआरसीपी से पूरी राजस्थान के लोगों को पेयजल व सिंचाई का पानी मिलेगा।


