PTET-2026 के लिए कल से ऑनलाइन आवेदन शुरू:जून में होगी दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए परीक्षा

दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (VMOU) की ओर से आयोजित हो रही PTET- 2026 परीक्षा के शुक्रवार(20 फरवरी) से ऑनलाइन आवेदन शुरू होंगे। अभ्यर्थी निर्धारित तारीख तक आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। प्रवेश परीक्षा जून महीने में आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न बीएड कॉलेजों में दाखिला मिलेगा। शिक्षा विभाग ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, वीसी एवं चीफ कॉर्डिनेटर प्रो.बी.एल.वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा में आवेदन करने से पूर्व परीक्षा संबंधी दिशा निर्देश को ध्यान से पढ़ें। कॉर्डिनेटर प्रो.क्षमता चौधरी ने बताया कि पी.टी.ई.टी-2026 में स्नातक के बाद 2 वर्षीय बी.एड. पाठ्यक्रम के लिए आवेदन खोले गए है। अभ्यर्थी https://ptetvmoukota2026.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। स्वयं के नाम, जन्म तारीख, माता-पिता के नाम को भरते वक्त कक्षा 10वीं की अंक तालिका को आधार बनाना चाहिए। बैंक से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी खुद के बैंक खाते की डिटेल्स को ही भरें। परिवार के किसी भी सदस्य की बैंक जानकारी परीक्षा हेतु आवेदन करने के लिए मान्य नहीं होगी। बी.एड के लिए विषय का चयन काउंसलिंग के समय करवाया जाएगा। आवेदन से पहले अभ्यर्थी खुद का रंगीन फोटो, अंगूठा निशानी और हस्ताक्षर की सॉफ्ट कॉपी अपने पास रखे। अभ्यर्थी राजस्थान राज्य के निर्धारित ई मित्र कियोस्क के माध्यम से भी आवेदन कर सकते है। परीक्षा शुल्क 500 रुपए जमा कराने के लिए ऑनलाइन पेमेंट डेबिट कार्ड / क्रेडिट कार्ड / नेट बैंकिंग / यूपीआई से किया जा सकता। ऑनलाइन भुगतान के बाद अपने आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी प्रिंट कर संभाल कर रखें। हार्ड कॉपी को कार्यालय में जमा नहीं करवाना है आवेदन की अंतिम तिथि 20 मार्च है। कौन कर सकते हैं आवेदन आवेदन के लिए विज्ञान/सामाजिक विज्ञान/ मानविकी वर्ग में न्यूनतम 50% अंकों के साथ विधि की ओर से स्थापित किसी विश्वविद्यालय की स्नातक/स्नातकोत्तर उपाधि वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे। इंजीनियरिंग या टेक्नॉलोजी में विज्ञान और गणित में विशेषज्ञता के साथ स्नातक में कम से कम 55% अंक प्राप्त करने वाले या उपरोक्त के समतुल्य कोई अन्य अर्हता प्राप्त करने वाले उम्मीदवार भी इस कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पात्र होंगे। पात्रता एनसीटीई (मान्यता मानदंड एवं प्रक्रिया) विनियम, 2014 के परिशिष्ट-4 के अनुसार, भारत के राजपत्र में अधिसूचित के अनुसार रहेगी। जो अभ्यर्थी पी.टी.ई.टी-2026 के ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म की अंतिम तिथि के समय योग्यताधारी नहीं हैं, वे भी परीक्षा में बैठ सकते हैं। ऐसे अभ्यर्थी का परीक्षा परिणाम काउंसलिंग में पंजीकरण की अंतिम तिथि से पूर्व उपलब्ध होना चाहिए। अन्यथा प्रवेश निरस्त माना जाएगा। अनुसूचित जाति/जनजाति/ अन्य पिछड़ा वर्ग/ अति पिछड़ा वर्ग/पी.डब्ल्यू.डी. और अन्य वर्गों के लिए आरक्षण व अंकों में छूट राज्य सरकार के नियमों के अनुसार देय होगी। इस कोर्स में आवेदन करने हेतु अधिकतम आयु की कोई सीमा नहीं है। राजस्थान प्रदेश से बाहर के अभ्यर्थी भी पी.टी.ई.टी.- 2026 के लिए आवेदन कर सकते है, लेकिन वह सभी जनरल केटेगरी में प्रवेश के लिए पात्र होंगे। ये बरतें सावधानी सह-समन्वयक डॉ.रवि गुप्ता ने बताया कि परीक्षा की संभावित तारीख 14 जून है। परीक्षा केंद्र के चयन के लिए जिलों के नाम की सूची आवेदन पत्र में दी गई है। आवेदन पत्र भरते समय अभ्यर्थी पूर्ण सावधानी रखें।अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा फॉर्म भरते हुए अपनी श्रेणी, संकाय और लिंग सहित अन्य जानकारी ध्यानपूर्वक भरें। इनमें परिवर्तन नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थी केवल स्वयं के मोबाइल नंबर, ईमेल एड्रेस ही लिखें। अभ्यर्थी की ओर से आवेदन पत्र में गलत जानकारी पर प्रवेश निरस्त कर दिया जाएगा। आवेदन करने के बाद परीक्षा केंद्र परिवर्तन संभव नहीं होगा। सभी संकायों में आरक्षण राज्य सरकार के नियमानुसार देय होगा। परीक्षा फॉर्म को भरने में आने वाली परेशानियों के समाधान के लिए वेबसाइट पर दिए गए हेल्पलाइन नंबर और helpdesk का उपयोग करें। ऐसा होगा प्रश्न पत्र परीक्षा आयोजन समिति सदस्य डॉ. संदीप हुड्डा ने बताया कि परीक्षा प्रश्न पत्र 4 भागों में बंटा होगा। हर भाग में 50 प्रश्न और प्रश्न-पत्र में कुल 200 बहुविकल्पी प्रश्न होंगे। पी.टी.ई.टी- 2026 में मेंटल एबिलिटी, टीचिंग एटीट्यूड, जनरल अवेयरनेस और लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी के चार भाग होंगे। परीक्षा अवधि तीन घंटे की होगी। प्रत्येक प्रश्न 3 अंक का होगा। लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी भाग को छोड़कर शेष प्रश्न पत्र अभ्यर्थी द्वारा चुनी गई भाषा में होगा। प्रश्न पत्र में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *