पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के PTRSU नवीन कन्या महिला छात्रावास में दूषित पेयजल आपूर्ति के कारण दर्जनों छात्राएं पीलिया से संक्रमित हो गई हैं। कई छात्राओं की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इस घटना के बाद छात्रावास और विश्वविद्यालय प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। NSUI ने कुलपति के नाम सौंपा ज्ञापन मामले के विरोध में NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष (SM) एवं छात्र नेता पुनेश्वर लहरे प्रशासनिक भवन पहुंचे और कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्रावास में सप्लाई हो रहे पेयजल की तत्काल गुणवत्ता जांच कराने, पूरे सिस्टम का तकनीकी निरीक्षण करने और भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गई है। वाटर कूलरों की सफाई और नए कूलर लगाने की मांग NSUI ने विश्वविद्यालय के सभी विभागों और पूरे कैंपस में लगे वाटर कूलरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने की भी मांग रखी। साथ ही जिन विभागों में वाटर कूलर उपलब्ध नहीं हैं, वहां तुरंत नए वाटर कूलर लगाने की बात कही गई है, ताकि छात्रों को सुरक्षित पेयजल मिल सके। 3 दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन छात्र नेता पुनेश्वर लहरे ने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन को तुरंत पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी। यदि 3 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो NSUI छात्रहित में उग्र और चरणबद्ध आंदोलन करेगी। कई छात्र प्रतिनिधि रहे मौजूद ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष (SM) पुनेश्वर लहरे के साथ जिला सचिव ओज पांडे, इंडिया ग्रीत लहरे, दक्ष दिल्लीवार, रीतिक बघेल, अजय सोनवानी, सेजाकत हुसैन सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


