RBSE 10वीं का रिजल्ट 20 मार्च तक आने के आसार:पहली बार ऐसा होगा, जब 12वीं से पहले आएगा; 10 लाख ने दिया था एग्जाम

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की ओर से 10वीं का रिजल्ट इसी महीने घोषित किया जाएगा। 20 मार्च से पहले रिजल्ट जारी करने की तैयारी है। अगर ऐसा होता है तो पहली बार होगा कि 10वीं का रिजल्ट 12वीं के रिजल्ट से पहले जारी होगा। मार्च में रिजल्ट आना भी बोर्ड इतिहास में पहली बार होगा। राज्य सरकार की ओर से एक अप्रैल से नया सत्र शुरू करने के निर्देश हैं। ऐसे में बोर्ड प्रशासन ने 10वीं का रिजल्ट सबसे पहले घोषित करने की तैयारी शुरू कर दी है। 12वीं आट्‌र्स, साइंस व कॉमर्स का भी रिजल्ट इसी माह में जारी हो सकता है। बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताते हैं- बोर्ड का प्रयास है कि 20 मार्च को 10वीं का रिजल्ट जारी कर दिया जाए। 12वीं का रिजल्ट भी इसी माह जारी करने की तैयारी है। सबसे पहले जानते हैं इस साल के एग्जाम के बारे में….
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से इस साल परीक्षा 12 फरवरी से शुरू हुई थी। इसमें कुल 19 लाख 90 हजार 57 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड थे। सेकेंडरी के 10 लाख 68 हजार 109 तथा सीनियर सेकेंडरी के 9 लाख 10 हजार 9 परीक्षार्थी शामिल थे। वरिष्ठ उपाध्याय के 4 हजार 122 और प्रवेशिका के 7 हजार 817 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड किए गए। दसवीं की परीक्षाएं 29 फरवरी तक चलीं। 12वीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चलेंगी। प्रदेश के 6 हजार 170 सेंटर पर एग्जाम हुए। RBSE रिजल्ट जारी करने का कितना काम किया, 3 पाइंट में पढ़िए- 1- कॉपी कलेक्शन का काम पूरा, वैल्युअर्स के पास पहुंची
एग्जाम सेंटर से कॉपी कलेक्शन का काम पूरा हो चुका है। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को लिफाफे में रखकर कपड़े में पैक किया जाता है। इन्हें उसी दिन बोर्ड के कलेक्शन सेंटर पर भेजा जाता है, जहां से अगले दिन बोर्ड को भेजी जाती है। बोर्ड की ओर से री-पैकिंग और कोड आवंटन के बाद पुनः कलेक्शन सेंटर भेजा जाता है। वर्तमान स्थिति में वैल्युअर्स के पास 100% कॉपी पहुंच चुकी है। 2- मार्क्स एन्ट्री का काम जारी, 8 मार्च तक पूरा होने की सम्भावना
वैल्युअर्स की ओर से कॉपी जांचने और मार्क्स एंट्री का काम किया जा रहा है। वैल्युअर्स को कॉपी जांच के लिए करीब 10 दिन का समय दिया गया है। वैल्युअर्स को घर पर व केन्द्रीकृत मूल्यांकन केन्द्र पर यह काम दिया जा रहा है। यह काम 8 मार्च तक पूरा होने की सम्भावना है। 3- मार्क्स कम्पाइल, फाइनल चेकिंग का काम अब शुरू होगा
वैल्युअर्स की मार्क्स एंट्री करने के बाद सभी सब्जेक्ट के मार्क्स कम्पाइल का काम होगा। पोर्टल पर मार्क्स एंट्री पूरी होने के बाद डेटा रिजल्ट तैयार करने वाली फर्म को भेजा जाएगा। जिलेवार चेक लिस्ट में परीक्षार्थियों की संख्या, उपस्थिति, पास प्रतिशत और लैंगिक अनुपात का विश्लेषण किया जाता है। रोल नंबर के आधार पर मार्कशीट तैयार की जाती है और अंतिम जांच के बाद रिजल्ट ऑनलाइन जारी किया जाएगा। फिर मिलेगा मार्क्स सुधार का मौका
राजस्थान बोर्ड के नए सिस्टम के अनुसार, मई-जून के समय बोर्ड एग्जाम्स का दूसरा सेशन होगा, जिसमें स्टूडेंट्स के पास अपने मार्क्स सुधारने का मौका होगा। दोनों ही एग्जाम्स पूरे सिलेबस पर आधारित होंगे। इनमें स्टडी पैटर्न या एग्जाम प्लानिंग का कोई बदलाव नहीं होगा। पहला एग्जाम्स देने वाले स्टूडेंट्स दूसरे फेज में मैक्सिमम तीन सब्जेक्ट्स में अपने मार्क्स सुधारने के लिए एग्जाम दे सकते हैं। इसके लिए जिन स्टूडेंट्स ने पहला फेज पूरी तरह से मिस कर दिया है, वो दूसरे फेज में होने वाले बोर्ड एग्जाम में बैठ सकते हैं। इसके लिए उन्हें एक वैलिड मेडिकल सर्टिफिकेट या जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) का अप्रूवल लेना होगा। दोनों ही अटेम्प्ट्स के लिए एग्जामिनेशन फीस में कोई बदलाव नहीं होगा। RBSE इसके लिए ‘बेस्ट ऑफ टू अटेम्प्ट’ का फॉर्मूला अपनाएगा। यानी दोनों अटेम्प्ट में से जिसमें भी बेहतर मार्क्स आए हैं, उसी के नंबर फाइनल रिजल्ट में जोड़े जाएंगे। 12वीं का रिजल्ट इसी माह
बोर्ड प्रशासन का प्रयास है कि 12वीं आट्‌र्स, साइंस व कॉमर्स का रिजल्ट भी मार्च में ही जारी कर दिया जाए। बोर्ड ने इसके लिए भी तैयारी शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *