नवगठित मऊगंज जिले में इस साल होली का त्योहार शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। पुलिस प्रशासन की सख्त निगरानी और लगातार पेट्रोलिंग के कारण सड़क हादसों में लगभग 95 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। अस्पतालों में भी सामान्य स्थिति बनी रही, जो पिछले वर्षों की तुलना में एक महत्वपूर्ण बदलाव है। एसपी के नेतृत्व में कड़ी पुलिस व्यवस्था पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी के नेतृत्व में जिलेभर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह और एसडीओपी सचि पाठक सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्था संभाली। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की निरंतर पेट्रोलिंग जारी रही, जिससे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ। इस साल होली पर अस्पतालों में सामान्य स्थिति पुलिस की इस सक्रियता का सीधा असर सड़क हादसों की संख्या पर पड़ा। इस बार होली के दिन जहां पहले अस्पतालों के इमरजेंसी वार्ड घायलों से भरे रहते थे, वहीं इस वर्ष अस्पतालों में बेड खाली नजर आए और स्थिति पूरी तरह सामान्य रही। यह कमी पुलिस की मुस्तैदी का परिणाम है। त्योहार के दौरान विवाद की कोई घटना नहीं हुई त्योहार के दौरान जबरन रंग लगाने, राहगीरों से अभद्रता करने या किसी बड़े विवाद की कोई घटना सामने नहीं आई। पुलिस की सख्ती और प्रशासन द्वारा की गई अपील का लोगों पर सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा गया। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय के कारण मऊगंज में इस बार शांतिपूर्ण होली का आयोजन संभव हो सका। प्रशासन का मानना है कि यह सफल व्यवस्था आने वाले त्योहारों के लिए भी एक सकारात्मक मिसाल पेश करेगी।


